उत्तर प्रदेशराज्य

 मंत्रियों के विभागों का बंटवारा, इनको मिला पंचायती राज

स्वतंत्रदेश ,लखनऊमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हुए चार नए कैबिनेट मंत्रियों को विभाग बांट दिए हैं। मंत्री पद की शपथ लेने वाले सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को पंचायती राज, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग दिए गए हैं। भाजपा में वापसी करने वाले दारा सिंह चौहान को कारागार और रालोद कोटे से मंत्री बने अनिल कुमार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग आवंटित किया गया है।मंत्रिमंडल में शामिल हुए साहिबाबाद के भाजपा विधायक सुनील कुमार शर्मा आइटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की बागडोर संभालेंगे। राज्य मंत्रिमंडल के इन नए सदस्यों ने बीती पांच मार्च को मंत्री पद की शपथ ली थी। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में भूपेन्द्र सिंह चौधरी पंचायती राज विभाग के मंत्री बनाए गए थे।

अगस्त 2022 में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर उन्होंने मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया था। तब पंचायती राज विभाग मुख्यमंत्री के अधीन हो गया था। मंत्री के रूप में पंचायती राज विभाग का दायित्व राजभर को दिए जाने के बाद अब मुख्यमंत्री के अधीन 35 विभाग रह गए हैं। 

अल्पसंख्यक कल्याण तथा मुस्लिम वक्फ एवं हज विभाग अभी तक कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के अधीन थे। यह दोनों विभाग भी राजभर को दिए जाने के बाद धर्मपाल सिंह के पास पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनीतिक पेंशन तथा नागरिक सुरक्षा विभाग रह गए हैं। 

दारा सिंह चौहान को सौंपा गया कारागार विभाग अभी तक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति के पास था। यह विभाग हटने के बाद अब उनके पास होमगार्ड विभाग बचा है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स विभाग कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के अधीन थे। यह दोनों विभाग नए मंत्रियों को दिए जाने के बाद उपाध्याय के अधीन अब उच्च शिक्षा विभाग रह गया है।

Related Articles

Back to top button