उत्तर प्रदेशराज्य

राम वनगमन पथ के स्थानों पर लगेंगे श्रीराम स्तंभ

स्वतंत्रदेश ,लखनऊजहां-जहां चरण पड़े रघुवर के… ऐसे स्थानों को अब न सिर्फ नई पहचान मिलेगी बल्कि ये पर्यटन का केंद्र भी बनेंगे। राम वनगमन मार्ग के 290 स्थानों पर अशोक सिंहल फाउंडेशन की ओर से श्रीराम स्तंभ लगाने की तैयारी है। श्रीराम स्तंभ हाईटेक होगा, इस पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करते ही राम वनगमन पथ की पूरी गाथा दिख जाएगी। पहला श्रीराम स्तंभ अयोध्या के पौराणिक मणिपर्वत पर लगाया जाएगा, यह स्तंभ 30 सितंबर तक अयोध्या पहुंच रहा है।अशोक सिंहल मंदिर आंदोलन के अग्रणी किरदारों में शामिल रहे हैं। अब उनकी संस्था श्रीराम वनगमन पथ की ऐतिहासिकता को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी में है। श्री राम वनगमन मार्ग वह है जहां-जहां प्रभु राम के पद चिन्ह पड़े थे। अयोध्या से रामेश्वरम तक इन मार्गों की खोज की गई है। इन स्थानों पर पूर्णत: पत्थर से निर्मित लगभग 15 फीट ऊंचे अद्भुत और अलौकिक शिलाओं को एक सुंदर स्तंभ के रूप में स्थापित किया जाएगा।

अशोक सिंहल फाउंडेशन एवं एमटूके संस्था के न्यासी महेश भागचंदका ने अमर उजाला को बताया कि प्रत्येक स्तंभ पर चार भाषाओं में वाल्मीकि रामायण से प्रमाणिक डाटा लिया गया है जो उस स्थान की विशेषता बताते हुए इन स्तंभों पर उकेरा जाएगा। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत व एक स्थानीय भाषा में पूरी जानकारी होगी। जैसे यदि मराठी, तमिल, मलयालम भाषी क्षेत्रों में उनकी भाषा में पूरी जानकारी उपलब्ध होगी ताकि उन्हें समझने में आसानी होगी। श्रीराम स्तंभ के जरिए रामायण युग की इन धरोहरों को संरक्षित किया जाएगा। इससे इन स्थलों को न सिर्फ नई पहचान मिलेगी बल्कि पर्यटन का भी ये केंद्र बढ़ेंगे, स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा।

35 कारीगर राजस्थान में दे रहे स्तंभ को आकार
राजस्थान में श्रीराम स्तंभ को तैयार किया जा रहा है। राजस्थान में मिलने वाले बलुआ पत्थर से स्तंभ बन रहे हैं। इसकी विशेषता यह है कि इस पर कई वर्षों तक काई नहीं जमती और सैकड़ों वर्षों तक इसकी आयु होती है। इन्हीं पत्थरों का इस्तेमाल काशी विश्वनाथ कॉरीडोर बनाने में भी किया गया है। यह स्तंभ तीन भागों में बनेगा और एक साथ एक जगह पर ले जाया जाएगा और उसी जगह इसे स्थापित किया जाएगा। 30-35 लोगों की कुल टीम काम कर रही है और मुख्यतः पॉलिशिंग का काम महिलाएं करती हैं।

गूगल मैपिंग से चिन्हित किए गए वनगमन स्थल
श्रीराम शोध संस्थान ने 40 वर्षों का शोध कर 290 स्थानों को चिन्हित किया है, जहां श्रीराम रुके, उन सभी स्थानों को एक माला में पिरोकर अशोक सिंहल फाउंडेशन एवं एमटूके फाउंडेशन द्वारा स्तंभ लगाए जाएंगे। राम वनगमन स्थल को पहले गूगल मैपिंग के जरिए खोजा गया है। फिर इन स्थलों का वाल्मीकि रामायण से मिलान कर इन्हें चिह्नित किया गया है।

Related Articles

Back to top button