उत्तर प्रदेशराज्य

एसटीएफ ने तीन वन्य जीव तस्करों को किया गिरफ्तार

स्वतंत्रदेश, लखनऊ:यूपी एसटीएफ और वन विभाग के संयुक्त अभियान में भारी संख्या में कछुवे बरामद कर तीन वन्य जीव तस्करों को राजधानी से गिरफ्तार किया गया है। इनमें इटावा निवासी विपिन, उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर निवासी सुखदेव मंडल और मनोज शामिल है। उनके पास से 7 कछुए, रेनो ट्रिबर गाड़ी और पहचान पत्र बरामद हुए है। कछुओं की विभिन्न प्रजातियों से समृद्ध पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हो रही कछुओं की तस्करी की रोकथाम के लिए डिप्टी एसपी दीपक कुमार सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर तीनों को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ पर विपिन ने बताया कि उसका परिवार पूर्व से ही कछुआ तस्करी का कार्य कर रहा है। उसके पिता जगदीश कछुआ तस्करी के केस में इटावा जेल में बंद हैं। वह स्थानीय शिकारियों से कछुए खरीदकर करके उन्हें रुद्रपुर निवासी सुखदेव मण्डल के साथ विभिन्न प्रान्तों में भेजता है जिनको बाद में पश्चिम बंगाल के बड़े व्यापारियों द्वारा विदेश भेजा जाता है।

बरामद कछुओं की देख-रेख एवं घायल कछुओं की प्राथमिक चिकित्सा हेतु वन विभाग एवं टर्टल सरवाईवल एलाइंस को सूचित कर दिया गया है। न्यायालय से आदेश प्राप्त होने के उपरान्त उनके नैसर्गिक वातावरण में छोड़ दिया जायेगा। इस गिरोह का अन्तर्राज्यीय विस्तार होने के कारण वाइल्ड लाइफ क्राइम कन्ट्रोल ब्यूरो को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचना दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button