शांति का प्रतीक हो सकता है बुलडोजर
स्वतंत्रदेश,लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय मुंबई दौरे पर हैं। यहां यूपी इन्वेस्टर समिट के एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के दौरान जब उनसे बुलडोजर के संबंध में सवाल किए गए तो वो मुस्कुरा उठे। क्या बुलडोजर शांति और विकास का संकेत हो सकता है, क्योंकि उसका इस्तेमाल कानून को लागू करने के लिए किया जा सकता है। सीएम योगी आदित्यनाथ, जिन्हें अक्सर ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से संबोधित किया जाता है उन्होंने मुंबई में इस बात को दोहराया। इसी के साथ उन्होंने यह भी कहा कि यूपी में फिल्म सिटी स्थापित करने का विचार है न कि इसे मुंबई से दूर ले जाने का।लखनऊ में 10 से 12 फरवरी तक होने वाले यूपी सरकार के ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2023 से पहले घरेलू निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मुंबई के दो दिवसीय दौरे पर आए सीएम योगी ने बुलडोजर बाबा टैग के बारे में पूछे जाने पर कहा कि बुलडोजर बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों में भूमिका निभाता है इसलिए वह शांति और विकास का प्रतीक हो सकता है। लोग कानूनों का उल्लंघन करते हैं, तो कानून और व्यवस्था स्थापित करने के लिए कार्रवाई करने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया जा सकता है। यूपी में अपराधियों की संपत्तियों को ध्वस्त करने के बाद उन्हें ‘बुलडोजर बाबा’ का टैग मिला। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान भी यह नाम लोगों की जुबान पर चढ़कर बोला।

मुंबई अर्थभूमि और यूपी धर्मभूमि है
महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी द्वारा लगाए गए आरोपों के बारे में पूछे जाने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी अपनी फिल्म सिटी बनाकर फिल्म उद्योग को मुंबई से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा है, जवाब में सीएम योगी ने कहा कि मुंबई देश की अर्थभूमि (अर्थव्यवस्था की भूमि) है, जबकि यूपी धर्मभूमि (आस्था की भूमि) है। दोनों का खूबसूरत संगम हो सकता है। हम फिल्म सिटी को दूर नहीं ले जाना चाहते हैं, बल्कि अपना निर्माण कर रहे हैं। काम प्रगति पर है और कुछ शीर्ष स्टूडियो ने आने में रुचि दिखाई है। यूपी की फिल्म सिटी 1,200 एकड़ में फैली होगी, जबकि गोरेगांव में लगभग 520 एकड़ में है।