उत्तर प्रदेशराज्य

मिशन ग्रीन यूपी,3000 करोड़ खर्च कर रोपे जाएंगे पौधे

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:ग्लोबल वार्मिंग को देखते हुए और प्रदेश को हरियाली युक्त बनाने के लिए 22 जुलाई को पौधरोपण अभियान की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। प्रदेश में इस बार 35 करोड़ पौधे रोपने का लक्ष्य है। इसमें से 30 करोड़ पौधे 22 जुलाई को और 5 करोड़ पौधे 15 अगस्त को रोपे जाएंगे। महाअभियान के तहत पौधों पर करीब 3000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर और मुजफ्फरनगर से महाअभियान की शुरुआत करेंगे। 22 को सभी स्कूलों और कार्यालयों में आधे दिन काम होगा और आधे दिन पौधपोपण में हिस्सा लेंगे। ये जानकारी पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने दी।

गुरुवार को वन विभाग मुख्यालय में पौधरोपण महाअभियान की जानकारी देते हुए डॉ. सक्सेना ने बताया कि वर्ष 23-24 के मानसून सीजन में प्रदेश के 85 शासकीय विभागों और आमजनों के सहयोग से वन भूमि, सामुदायिक भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषि व निजी भूमि पर पौधरोपण कराया जा रहा है। अभियान के तहत पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ और हर खेत पर मेड़-हर मेड़ पर पेड़ के जरिए लोगों को जोड़ा जा रहा है। चुनाव की तरह इस अभियान के लिए भी सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि एक पौधे पर 67 से 100 रुपये का खर्च आएगा। यानी 35 करोड़ पौधे रोपने पर करीब 3000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उन्होंने पौधों को सुरक्षित रखने के लिए पौधे उसी स्थान पर लगाने की अपील की, जहां उनकी देखभाल आसानी से की जा सके।

Related Articles

Back to top button