उत्तर प्रदेशलखनऊ

योगी मंत्रिमंडल का होगा विस्तार

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर कैबिनेट मंत्री बनाए जाएंगे। सपा छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल होने जा रहे दारा सिंह चौहान को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी।पार्टी के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक सुभासपा से हुए गठबंधन की शर्त के तहत ओमप्रकाश राजभर को कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। उन्हें सरकार में महत्वपूर्ण मंत्रालय की कमान भी मिल सकती है। अगले वर्ष होने वाले विधान परिषद चुनाव में सुभासपा के एक कार्यकर्ता को परिषद में सदस्य भी बनाया जाएगा।

सपा विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह चौहान सोमवार को भाजपा में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी उन्हें पार्टी में शामिल कराएंगे। पूर्वांचल के चौहान (नोनिया) वोट बैंक पर मजबूत पकड़ रखने वाले दारा सिंह को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। योगी मंत्रिमंडल में फिलहाल मुख्यमंत्री सहित 52 मंत्री हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार में ओमप्रकाश राजभर और दारा सिंह के अतिरिक्त भाजपा के भी एक-दो पूर्व मंत्रियों को फिर से सरकार में जगह मिल सकती है। वहीं आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जातीय संतुलन के लिए एक-दो नए चेहरे भी मंत्रिमंडल में जगह पा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button