उत्तर प्रदेशराज्य

अयोध्या में वंदे भारत ट्रेन पर हुआ पथराव, कई शीशे टूटे

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:देश की पहली सेमी हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस लगातार पत्थरबाजी का शिकार हो रही है जहां भी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की जा रही है वहां पर लोग पत्थर फेंकने से बाज नहीं आ रहे हैं। नौ जुलाई से गोरखपुर से लखनऊ के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस का कामर्शियल रन शुरू हुआ तो दो दिन बाद ही 11 जुलाई को ट्रेन पर पत्थर बरसा दिए गए। पत्थरबाजी होने से ट्रेन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया है और ऊपरी हिस्सा भी डैमेज हुआ है। राहत की बात ये है कि पत्थरबाजी में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने की घटना अयोध्या से पहले सोहावल में हुई है।जानकारी के मुताबिक वंदे भारत एक्सप्रेस गोरखपुर से लखनऊ के लिए मंगलवार को रवाना हुई थी। ट्रेन सुबह अयोध्या के सोहावल स्टेशन पहुंचने वाली थी। इससे पहले ही किसी ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इससे कोच सीएम वन में सीट संख्या 33, 34, कोच सी3 में 20, 21, 22, कोच सी5 में 10, 11, 12 और कोच ई1 में सीट संख्या 35 36 के पास के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

 पत्थरबाजी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले बीती 26 फरवरी को मैसूर चेन्नई वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी हुई थी। यह घटना कृष्णराजपुरम और बेंगलुरु छावनी रेलवे स्टेशन के बीच हुई थी। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में अभी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव किया गया था। इसके अलावा केरल में भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की गई थी। इससे पहले वंदे भारत एक्सप्रेस के ई1 कोच पर पथराव किया गया था। यह ट्रेन दिल्ली से देहरादून जा रही थी। 18-19 जून को इस ट्रेन पर पत्थरबाजी की गई थी।

Related Articles

Back to top button