उत्तर प्रदेशराज्य

ईद-उल-अजहा आज, मस्जिदों में हो रही है नमाज

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:कुर्बानी के जज्बे के साथ ईद-उल-अजहा पर बृहस्पतिवार को अल्लाह की बारगाह में लाखों सिर सजदे में झुकेंगे। इसके साथ उस अजीम कुर्बानी को याद करेंगे, जो हजरत इब्राहिम ने अपने रब के हुक्म से पेश की थी। ईद-उल-अजहा की नमाज के बाद शहर में अल्लाह से मोहब्बत को दुनिया की हर चीज से ऊपर रखने के जज्बे के साथ मुसलमान कुर्बानी करेंगे। बकरीद को लेकर मस्जिदों में व्यवस्थाएं मुकम्मल कर ली गई हैं। नमाज के बाद कुर्बानी का दौर शुरू होगा।शहर में ईद-उल-अजहा की सबसे बड़ी जमात ऐशबाग ईदगाह में अदा होगी। इसके इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली सुबह 10 बजे नमाज पढ़ाएंगे। शिया समुदाय की सबसे बड़ी जमात आसिफी मस्जिद में अदा होगी। यहां मौलाना सैयद सरताज हुसैन की इमामत में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह 11 बजे अदा होगी।

टीलेवाली मस्जिद में सुबह नौ बजे 
टीले वाली मस्जिद के इमाम मौलाना फजलुल मन्नान रहमानी ईद-उल-अजहा की नमाज अदा कराएंगे। नमाज को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नमाज तय समयानुसार अदा कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने मस्जिदों के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।         

बाजारों में छाई ईद-उल-अजहा की खुशियां
ईद-उल-अजहा की खरीदारी की रौनक बाजारों में बृहस्पतिवार देर रात तक छाई रही। अमीनाबाद, मौलवीगंज व नक्खास और चौक में कपड़ों के साथ खाने-पीने के सामान की जमकर खरीदारी हुई। नमाज के लिए कुर्ता, टोपी भी खूब बिकी। उधर, बकरा मंडियों में रात भर भीड़ उमड़ती रही।

Related Articles

Back to top button