उत्तर प्रदेशराज्य

ई-रिक्शा के शोरूम में शार्ट सर्किट से लगी भीषण आग

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:डालीगंज क्रासिंग के पास शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे ई-रिक्शा के शोरूम में आग लग गई। कुछ देर में आग विकराल हो उठी। पेट्रोल पंप के पास शोरूम होने के कारण अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने दो गाड़ियों की मदद से घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के समय शोरूम में एक ही ई-रिक्शा था।

शोरूम में लगा सारा फर्नीचर जल गया। तड़के गोदावरी प्लाजा में एसआर इंटरप्राइजेज के नाम से रितिक जायसवाल का ई-रिक्शा शोरूम है। तड़के शोरूम से धुआं और आग की लपटें निकलती देख पास स्थित पेट्रोल पंप के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। पानी फेंककर पहले आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बेकाबू होते देख दमकल को घटना की जानकारी दी। चौक फायर स्टेशन से एफएसओ पुष्पेंद्र कुमार टीम के साथ पहुंचे।

शटर बंद था लपटें निकल रही थीं। मदेयगंज थाने की पुलिस और दमकल कर्मियों ने गैस कटर से शटर काटा। इसके बाद फायर फाइटिंग शुरू की। इस बीच शोरूम संचालक भी पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। एफएसओ ने बताया कि आग से कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था। घटना के समय पेट्रोल पंप बंद था।

Related Articles

Back to top button