उत्तर प्रदेशराज्य

प्रमुख सचिव का डाटा हैक करने वाला छात्र फरार

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:प्रमुख सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव का निजी डाटा हैक करने के मामले में पकड़ा गया लड़का पैरोल पर बाहर आते ही गायब हो गया। दिसंबर 2022 में साइबर क्राइम थाने की टीम ने किशोर और उसके पिता को गिरफ्तार किया था।आरोपी पिता सत्यप्रकाश ने प्रमुख सचिव का निजी आईटी कंसलटेंट होने के दौरान उनका निजी डेटा हैक कर रंगदारी मांगी थी।

पिता आजकल जमानत पर और बेटा परीक्षा देने के चलते पैरोल पर था। पैरोल खत्म होने के बाद बाल सुधार गृह नहीं पहुंचने पर पुलिस ने खोजबीन की। तब दोनों के फरार होने की जानकारी हुई।

परीक्षा के नाम पर 3 दिन की मिली पैरोल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सत्यप्रकाश ने अपने नाबालिग बेटे को बाल सुधार गृह से निकालने की साजिश के चलते ही परीक्षा के नाम पर पैरोल की साजिश रची। नाबालिग आरोपी की किसी प्रतियोगी परीक्षा के चलते ही 19 से 21 मार्च तक की पैरोल मिली थी। उसे बाल सुधार गृह से 19 मार्च को छोड़ा गया। लेकिन वह परीक्षा के बाद वहां नहीं लौटा।

इसकी जानकारी होने पर बाल सुधार गृह से साइबर क्राइम थाने को सूचना दी गई। प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना मुस्लिम खान के मुताबिक पिछले 13 दिन से उसकी तलाश की जा रही है। लेकिन कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं सत्यप्रकाश कोर्ट से 17 फरवरी की जमानत मिलने के बाद से बाहर है। पिता-पुत्र घर में ताला लगाकर गायब है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button