उत्तर प्रदेशराज्य

मार्च में होगी मई-जून जैसी गर्मी

स्वतंत्रदेश ,लखनऊ:मार्च के शुरुआती दिनों में ही तापमान ने अपनी धमक बनानी शुरू कर दी है। गुरुवार को दिन भर रही तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3.8 डिग्री तक की बढ़त दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार तक प्रदेश भर में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलेंगी। इसके कारण तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है।आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार शुक्रवार से ही पश्चिमी हवाओं का साया प्रदेश में रहेगा। पहाड़ों से चलकर आने वाली हवा बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रही है। इसके कारण रविवार तक प्रदेश भर में अलग-अलग जगहों पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलेंगी। हालांकि धूप के कारण गर्मी भी रहेगी, लेकिन तापमान में एक से दो डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेशभर में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे अधिक तापमान आगरा और हमीरपुर में 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी तीन से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज हुई।

सबसे कम तापमान अयोध्या में 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, लखनऊ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी। बाद में आसमान साफ रहेगा। तेज हवाओं से धूल भरी आंधी हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related Articles

Back to top button