उत्तर प्रदेशराज्य

घने कोहरे के बीच IMD का कोल्‍ड डे अलर्ट, 3 ड‍िग्री पारा

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:यूपी में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, गाज‍ियाबाद, बहराइच, शामली, बागपत, अयोध्‍या, गोरखपुर, उन्‍नाव, कन्‍नौज, मुरादाबाद आद‍ि ज‍िलों में घने कोहरे के साथ ठंड का असर लगातार जारी है। राजधानी में सोमवार की रात का पारा 4.5 डिग्री तक दर्ज हुआ। वहीं कोहरा 9 बजे से ही यूपी के कई शहरों को अपने आगोश में लेने लगा। मंगलवार सुबह की शुरुआत घने कोहरे और कड़ाके की ठंड से हुई। बीते वर्ष 2022 में नौ जनवरी को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि दिन के समय अच्छी धूप निकलने से लोगों ने कुछ राहत की सांस ली, लेकिन शीतलहर के कारण गलन का एहसास होता रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार के बाद प्रदेशभर के तापमान में लगभग पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। साथ ही कोहरा भी हल्का होगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश के अनुसार, दिन के समय तापमान में काफी हद तक गिरावट देखी जा रही है। घने कोहरे के साथ शीतलहर और शीत दिन के चलते मौसम खुलने के बाद भी हवा में गलन बरकरार है। इस वजह से मंगलवार को भी अत्यधिक शीत दिन यानी सीवियर कोल्ड डे घोषित किया गया है। 11 जनवरी से कड़ाके की ठंड से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। कोहरे में कमी आएगी। अधिकतम तापमान में दो से पांच डिग्री तक और न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। 12 जनवरी को पूर्वांचल छोड़कर प्रदेश भर में बदली भरा मौसम रह सकता है। वहीं 13 जनवरी को प्रदेश भर में बादलों की आवाजाही रहेगी। शुक्रवार तक कुछेक जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी भी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button