उत्तर प्रदेशलखनऊ

फर्जी भर्ती में आयकर के बड़े अफसर भी शामिल

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:आयकर निरीक्षक की फर्जी भर्ती में विभाग के बड़े अधिकारियों का भी हाथ होने के पुख्ता सुबूत पुलिस को मिले हैं। फर्जीवाड़े का यह सारा खेल मुख्यालय के कमरा नंबर 329 से हुआ। इसी कमरे में बैठकर मुख्य आरोपी प्रियंका ने बेरोजगारों से ठगी की। उनसे रुपये वसूले और जाली नियुक्ति पत्र दिया। मामले की विवेचना में पुलिस कई अधिकारियों की कुंडली जुटा चुकी है। वहीं, गिरोह के कुछ सदस्य जो गैर प्रांत से ताल्लुक रखते हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गिरोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारी, वकील व मीडियाकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस इनका ब्योरा जुटा रही है।

आयकर निरीक्षक की फर्जी भर्ती का राज विभाग के मुख्यालय स्थित कमरा नंबर 329 में बंद है। फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद से ज्यादातर समय यह कमरा बंद रहा है। सूत्रों के मुताबिक यह कमरा दो बड़े अधिकारियों के नाम से आवंटित है। इन अधिकारियों के करीबी कर्मचारी इसमें बैठते हैं। यहां किसी बाहरी का प्रवेश वर्जित है। इसके बावजूद प्रियंका मिश्रा इस कमरे में बैठकर इतना बड़ा गिरोह संचालित कर रही थी। हालांकि, विभागीय अधिकारियों ने शुरुआती पड़ताल के दौरान इस मामले में मुख्यालय के कैफेटेरिया का नाम लेकर जांच दूसरी तरफ मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की पूछताछ में प्रियंका ने सारे राज उगल दिए। इसके बाद पुलिस ने इस कमरे की पूरी डिटेल खंगालनी शुरू की। पुलिस के मुताबिक इस कमरे से जुड़े कुछ कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

Related Articles

Back to top button