उत्तर प्रदेशराज्य

गन्ना किसानों की राह आसान करेगा UGC

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:यूपी के गन्ना किसानों का रास्ता आसान करने के लिए सरकार ने उन्हें यूनिक ग्रोवर कोड (UGC) जारी किया है। 14 डिजिट वाला यह कोड गन्ना किसानों की पहचान होगी। इससे गन्ने की खरीद में बिचौलियों को रोकना आसान होगा। अगर कोई किसान डबल बांड बनवाने की कोशिश करेगा तो वो भी पकड़ा जाएगा। इसी कोड के जरिये किसानों की फसल का सीमांकन किया जाएगा।

सरकार के सौ दिन के लक्ष्य में किसानों को किया गया 12,530 करोड़ रूपये का भुगतान

चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि सौ दिवसीय कार्य योजना के तहत गन्ना किसानों को 8 हजार करोड़ भुगतान का लक्ष्य रखा गया था। जिसके सापेक्ष प्रदेश के गन्ना किसानों को 12,530 करोड़ का भुगतान किया गया है। यह निर्धारित लक्ष्य से लगभग 55 प्रतिशत से अधिक है। सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में 1,76,686 करोड़ से अधिक का भुगतान हुआ है।

समय से पहले गन्ना सर्वेक्षण नीति जारी हुई

मंत्री ने कहा कि सौ दिन के एजेन्डे के तहत पेराई सत्र 2022-23 के लिए गन्ना क्षेत्रफल के आंकलन के लिए गन्ना सर्वेक्षण नीति जारी करने का लक्ष्य रखा गया था। जिसे तय समय से पहले ही जारी कर दिया गया। इससे गन्ना आपूर्ति की कार्य योजना सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। लगभग 45 लाख गन्ना आपूर्ति कृषकों को यूनिक ग्रोवर कोड आवंटित करने का लक्ष्य रखा गया था। प्रदेश के सभी गन्ना कृषकों को यूनिक ग्रोवर कोड आवंटित कर दिया गया है। यूजीसी कोड के आवंटन से गन्ने की फर्जी खरीद पर रोक लगेगी। बिचौलियों एवं गन्ना माफियाओं का सफाया होगा और वास्तविक किसानों को समय से गन्ना आपूर्ति का लाभ मिलेगा। गन्ना किसानों की पहचान अब आधार नंबर की तर्ज पर 14 डिजिट के यूनिक कोड के जरिए होगी। यदि कोई किसान डबल बांड बनवाने की कोशिश करेगा तो उसे आसानी से चिन्हित किया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button