उत्तर प्रदेशराज्य

दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा अपराध

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अपराध दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री का जीरो टालरेंस एक बड़े जीरो में बदल कर रह गया है। माफिया, पुलिस और शासन की मिलीभगत से समस्त न्यायिक और संवैधानिक मर्यादाएं टूट कर छिन्न भिन्न हो रही हैं। लोगों में दहशत है। प्रदेश में भय और असुरक्षा का वातावरण है। 

सपा प्रमुख और उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अख‍िलेश यादव भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। 

अखिलेश ने कहा कि बेटियों के रात 12 बजे भी गहने पहनकर सुरक्षित बाहर निकलने का दावा करने वाले सत्ताधीशों के राज में बेटियों का जीना दुश्वार हो गया है। मेरठ में घर से बाहर तक मनचले बहन बेटियों, महिलाओं को परेशान करते रहे, मुख्यमंत्री का एंटी रोमियो स्क्वाड कहीं दिखाई नहीं पड़ा। गोमतीनगर लखनऊ में भाई के सामने बहन से छेड़छाड़ की गई। वाराणसी में 14 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। फूलपुर प्रयागराज में ठोकरी गांव में दादी-पोते की हत्या कर दी गई।

सपा मुखिया ने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार के दूसरी बार सत्ता में आने के बाद प्रदेश में अपराधों में बाढ़ आ गई है। बुलडोजर को लेकर भी अखिलेश ने कहा कि इससे देश भर में आक्रोश पैदा हो रहा है। भाजपाई गैर कानूनी तरीके से अपने विरोधियों के निर्माण को अवैध घोषित कर बुलडोजर चलवा रही है। अब जनता भाजपाइयों के घरों, कार्यालयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के निर्माण की वैद्यता की जांच का आंदोलन छेड़ेगी और सच सबके सामने लाएगी।

Related Articles

Back to top button