उत्तर प्रदेशराज्य

6 जिलों में लू का अलर्ट

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:मौसम विभाग ने यूपी के छह से ज्यादा जिलों में आज से लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पिछले 24 घंटे में कानपुर, झांसी और आगरा में भीषण गर्मी पड़ी। यहां अधिकतम तापमान 44°C के पार पहुंच गया। उधर, राजधानी लखनऊ में भी तापमान 41°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि छह जिलों गौतम बुद्ध नगर, पीलीभीत, हाथरस, मैनपुरी, औरैया, प्रयागराज में आज से लू चलनी शुरू होगी।

दोपहर में चिलचिलाती धूप निकली तो परीक्षा देकर लौटे छात्र गमछे से सिर ढके दिखाई दिए।

आज रात से 12 जिलों में हल्की बारिश के आसार
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन पांडेय के अनुसार, 12 अप्रैल की आधी रात से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय हो रहा है, जो पश्चिमी हिमालय से शुरू होकर यूपी सहित कई राज्यों की तरफ बढ़ेगा। इसके अलावा 15 अप्रैल को एक और विक्षोभ बनने की संभावना है, जो 17 अप्रैल तक सक्रिय रह सकता है।

पांडेय ने बताया कि इन दोनों पश्चिम विक्षोभों के कारण कानपुर, कन्नौज, इटावा, हरदोई, उन्नाव, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, फर्रूखाबाद, जालौन, महोबा और चित्रकूट आदि जिलों में 13 से 17 अप्रैल के बीच धूल भरी आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है।

देशभर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में एक पश्चिमी विक्षोभ देखा गया है। एक ट्रफ रेखा विदर्भ से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक पार मराठवाड़ा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक निचले स्तरों पर फैली है। एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र श्रीलंका और उससे सटे तमिलनाडु के हिस्सों पर बना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, राजस्थान में आज से लू चलने लगेगी।

प्रचंड गर्मी वाले शहर

  • झांसी : 44.5°C
  • आगरा : 44.2°C
  • कानपुर : 44.3°C
  • प्रयागराज : 44°C
  • वाराणसी : 40.6°C
  • हमीरपुर : 43.2°C
  • अलीगढ़ : 43.4°C
  • लखनऊ : 41.3°C

Related Articles

Back to top button