उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगढ़ में हनुमानजी की मूर्ति टूटी, लोगों का हंगामा

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:अलीगढ़ के हरदुआगंज कस्बे में अराजक तत्वों ने शिव मंदिर में हनुमानजी की प्रतिमा तोड़ दी। शनिवार सुबह जब मंदिर में लोग पूजा करने पहुंचे, तो उन्हें मूर्ति खंडित मिली। सूचना मिलने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भक्तों ने इसका विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, मगर लोग आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए CCTV फुटेज की मदद ले रही है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात शुभम पटेल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया।

जलाली बाजार में लगाया जाम

मंदिर में मूर्ति खंडित होने से नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की और सड़क पर जाम लगा दिया। इसके बाद लोगों ने जलाली बजार पहुंचकर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि जिले में लगातार मंदिरों पर हमले हो रहे हैं। देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित की जा रही हैं। इसके बाद भी पुलिस आरोपियों को पकड़ने में नाकाम हो रही है। लोग जमकर नारेबाजी करते रहे और पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश करती रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष और एसपी देहात भी पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी लोगों को समझाने की कोशिश की। उनके साथ एसपी देहात शुभम पटेल भी मौके पर पहुंचे। एसपी ने लोगों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बावजूद कई घटे तक हंगामा चलता रहा।

24 घंटे में दिया कार्रवाई का आश्वासन

पुलिस के लगातार समझाने के बाद भी नाराज लोग बाजार में जाम लगाए रहे। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि 24 घंटे में दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति का नाम आ रहा सामने

मंदिर की मूर्ति खंडित होने के बाद इलाके के लोगों ने गैर समुदाय के एक व्यक्ति पर आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि आरोपी पिछले कई दिनों से मंदिर के आसपास घूमता नजर आ रहा था। शुक्रवार देर रात को भी वह मंदिर के आसपास देखा गया था। इसके बाद सुबह जब मंदिर खुला, तो मूर्तियां टूटी हुई थी।

हरदुआगंज इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी मौके से फरार है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। CCTV फुटेज भी देखे जा रहे हैं। जल्दी ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button