उत्तर प्रदेशराज्य

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में महिला मार्च

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश में सोमवार को विधानसभा चुनाव 2022 में आखिरी चरण का मतदान समाप्त होने के बाद भी राजनीति के मैदान में कांग्रेस अभी भी सक्रिय रहने के प्रयास में है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कांग्रेस का लखनऊ में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में महिला मार्च निकाला गया। करीब तीन किलोमीटर के इस महिला मार्च में शामिल होने वाली कुछ महिलाओं को कांग्रेस की तरफ से स्कूटी तथा स्मार्ट फोन का भी ऑफर है। 

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के बाद भी कांग्रेस प्रदेश में सक्रिय है। 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महिला विंग ने राष्ट्रीय इकाई के साथ लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ महिला मार्च का आयोजन किया। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में होने वाले इस मार्च में उत्तर प्रदेश में विधान सभा का चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस की 159 महिला प्रत्याशी शामिल हुईं। प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस मार्च में शिरकत करने के लिए पूरे देश से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। 

ढोल नगाड़ों के बीच निकली लड़की हूं, लड़ सकती हूं… रैलीः अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर लखनऊ के 1090 चौराहे पर लड़की हूं लड़ सकती हूं… गूंज रहा है। सिकंदरबाग से 1090 चौराहे तक का पूरा रास्ता जैसे गुलाबी रंग में रंगा है।महिलाओं का उत्साह भी देखते ही बन रहा।लड़की हूं लड़ सकती हूं.. लिखी हुई गुलाबी रंग की साड़ी के साथ ही प्रियंका गांधी की फोटो वाले बैग, दुपट्टे पहन के भी महिलाएं आई हुई हैं। अलग-अलग जगहों से महिलाओं की टोली रैली में हिस्सा लेने आई है। करीब दो बजे प्रियंका गांधी पहुंचीं। अपनी नेता को देखते ही कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।प्रियंका गांधी ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया और जिंदाबाद का नारा तेज होता गया।ढोल नगाड़ों के बीच लड़की हूं लड़ सकती हूं… रेली सिकंदरबाग की ओर बढ़ने लगी। रैली में विधानसभा चुनाव में खड़े कांग्रेस के सभी प्रतिभागी भी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button