अन्तर्राष्ट्रीय

यूक्रेनियों के सामने किया समर्पण

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:यूक्रेन और रूस के बीच गुरुवार को जंग का आठवां दिन है। एक तरफ रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीव पर कब्जा चाहते हैं। दूसरी ओर यूक्रेन उनका डट कर मुकाबला कर रहा है। इस बीच वॉर जोन से इमोशनल कर देने वाली वीडियो सामने आई है। इसमें एक रूसी सैनिक नोवी बग शहर में यूक्रेनियों के सामने समर्पण करते दिख रहा है। अब यह वीडियो वायरल हो रहा है।

रूसी सैनिक ने यूक्रेनियों के सामने किया समर्पण, बदले में मिली पेस्ट्री

इसमें देखा जा सकता है कि रूसी सिपाही के समर्पण के बाद उसे यूक्रेनी लोगों की ओर से पेस्ट्री और ड्रिंक दी गई है। वह रोते हुए अपनी मां से बात कर रहा है। दरअसल, जब उससे पूछा गया कि वह क्या चाहता है, तो उसने अपनी मां से बात करने की इच्छा जताई। इस पर पास खड़ी महिला ने तुरंत अपना फोन निकाला और उसकी बात करवाई।

क्लिप में सैनिक के पीछे खड़े लोग कह रहे हैं कि ये सैनिकों की गलती नहीं हैं। वे नहीं जानते कि वे यहां क्यों हैं। वे पुराने नक्शे का उपयोग कर रहे हैं। इस कारण खो गए हैं। इस वीडियो को सबसे पहले यूक्रेनियन स्पेशल फोर्सेज कमांड ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं।

वॉल स्ट्रीट जर्नल के रूसी राइटर मैथ्यू लक्समूर ने भी यह वीडियो शेयर की है। साथ ही लिखा है कि यूक्रेनी चैनलों पर यह वीडियो दिखाया जा रहा है। इसमें एक पकड़े गए रूसी सैनिक को स्थानीय लोगों की ओर से खाना खिलाया जा रहा है। युद्ध में लड़ रहे ज्यादा सैनिक टिनेजर हैं। उन्हें इस बात का कोई अंदाजा नहीं है कि यह युद्ध वास्तव में किस लिए है।

यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का नया बयान
उधर, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। इसमें रूसी कैदियों को उनकी मांओं को सौंपने का निर्णय लिया गया है। मंत्रालय का कहना है कि अगर रूसी सैनिकों की मांएं कीव आती हैं, तो उन्हें उनके बच्चों के पास ले जाया जाएगा। उसके बाद पकड़े गए रूसी सैनिकों को वापस अपने देश भेज दिया जाएगा। यूक्रेन का कहना है कि हम रूस की तरह नहीं हैं। हम माताओं और उनके पकड़े गए बच्चों के खिलाफ युद्ध नहीं कर रहे हैं।

शांति की कोशिशें जारी
युद्ध के बीच ही शांति की कोशिशें भी चल रही हैं। दोनों देशों के टॉप अफसर बेलारूस-पोलैंड बॉर्डर पर बैठक कर रहे हैं। इससे पहले यूक्रेन ने मांग की है कि रूस को ग्लोबल इंटरनेट पर भी बैन किया जाए, ताकि झूठ के प्रचार को रोका जाए।

Related Articles

Back to top button