उत्तर प्रदेशराज्य

इन 7 मंत्रियों की सीटों पर कल मतदान

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के छठे चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम छह बजे थम गया। अब तीन मार्च (गुरुवार) को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से मतदान कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इस चरण में 10 जिलों की 57 सीटों के लिए तीन मार्च को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। दस जिलों में आंबेडकर नगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया व बलिया की विधान सभा सीटें आती हैं। हर पोलिंग बूथ पर मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसकी समुचित व्यवस्था कराने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को मतदान कराने को पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।

 चुनाव के छठें चरण में 57 सीटों के लिए गुरुवार को मतदान होना है। इसे लेकर सभी दल बेहद गंभीर हैं। 

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के सात में से पांच चरणों का मतदान हो चुका है,लेकिन प्रत्याशी ऐसे मैदान में हैं कि चुनावी सिरगर्मी उफान पर है। अब किसी भी दल के लिहाज से देख लिया जाए, छठवें चरण में तो नाक की लड़ाई नजर आ रही है। चूंकि, भाजपा यह चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर लड़ रही है और वह गोरखपुर शहर सीट से प्रत्याशी हैं, इसलिए पूरी पार्टी की प्रतिष्ठा इससे जुड़ गई है। इसी तरह नेता प्रतिपक्ष और सपा के दिग्गज रामगोविंद चौधरी के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और बसपा प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर सिंह की सीट पर भी इसी चरण में मतदान होना है। सभी की नजर फाजिलनगर पर भी टिकी है, क्योंकि योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा को मिट्टी में मिलाने की हुंकार के साथ इस बार सपा प्रत्याशी के रूप में हैं।

  1. देवरिया की पथरदेवा सीट से कृषि मंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही।
  2. सिद्धार्थनगर के बांसी सीट से स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह।
  3. गोरखपुर के खजनी से उद्यान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीराम चौहान।
  4. बलिया की फेफना सीट से खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी।
  5. सिद्धार्थनगर की इटवा से बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. सतीश चंद्र द्विवेदी।
  6. बलिया की बैरिया सीट से ग्राम्य विकास राज्यमंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला।
  7. गोरखपुर के चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र से पशुधन राज्यमंत्री जय प्रकाश निषाद

Related Articles

Back to top button