हारी सीटों के समीकरण बदलने के मिशन पर भाजपा
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में ‘अबकी बार तीन सौ पार’ का नारा देकर वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में अकेले ही 312 सीटें जीत ली थीं। फिर उसी जज्बे और जुनून के साथ भगवा दल ने चुनाव मैदान में ‘अबकी बार साढ़े तीन सौ पार’ का लक्ष्य साधकर ताल ठोंक दी है। इस दावे के साथ दम लगाने की भी पूरी रणनीति तैयार की गई है। पहली नजर उन करीब 80 सीटों पर है, जहां पिछले चुनाव में कमल नहीं खिल सका था। उन हारी सीटों के समीकरण बदलने के मिशन की जिम्मेदारी सरकार और संगठन के मुखिया यानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ली है।

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने विकास कराने में क्षेत्रीय संतुलन बनाने का पूरा प्रयास किया। एक जिला एक उत्पाद योजना से हर जिले को साथ लिया। उसी तर्ज पर एक जिला एक मेडिकल कालेज की नीति बनाई। विधानसभा क्षेत्रों को लेकर भी सरकार ने सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की नीति अपनाई। अन्य सुविधाओं के अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में एक पर्यटन स्थल विकसित किया जा रहा है।