उत्तर प्रदेशराज्य

पंचर साइकिल से नहीं जीती जाती रेस

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :समाजवादी साइकिल यात्रा निकाल कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव में 400 सीटें जीतने का दावा किया तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कुर्सी का कोरा सपना देख रहे हैं। वहीं एमएसएमई मंत्री व सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि 400 का सपना देख रहे सपा नेता के सामने चुनाव में 40 सीटें बचाने की बड़ी चुनौती है।

                                  अखिलेश यादव के 400 सीट जीतने के दावे पर भाजपा का तंज

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा सरकार की अराजकता, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और सत्ता से बाहर रहने के दौरान विपक्ष के तौर पर उनकी अकर्मण्यता व नकारात्मकता को जनता ने इतने गहरे से महसूस किया है कि वह सपा को सत्ता से सदैव बाहर रखने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष शायद भूल गए कि पिछले दो वर्षों में उनकी साइकिल में खड़े-खड़े जंग लग गई है और जंग लगी पंचर साइकिल से रेस नहीं जीती जाती।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सपा मुखिया को विरासत में सत्ता मिली। पिता-चाचा के खून-पसीने से बनी विरासत को हड़प लिया। उन्होंने तंज कसा कि अखिलेश ने कहा है कि वे समाजवादी नेता और चिंतक जनेश्वर मिश्रा के रास्ते पर चल रहे हैं, लेकिन जो व्यक्ति अपने पिता के नक्शे कदमों पर नहीं चल पाया, वह जनेश्वर मिश्रा के रास्ते पर कैसे चल सकता है।

Related Articles

Back to top button