अखिलेश -BJP को उम्मीदवार नहीं मिलेंगे
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में कहा, भाजपा से जनता बहुत नाराज है। इन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं मिलेंगे। सरकार ने दलित-मुस्लिम और ब्राह्मणों को सताया है। चुनाव नजदीक आया तो अब उनके पास पहुंच रहे हैं। अभी तक हम 350 सीट जीतने का दावा कर रहे थे। आज सरकार के खिलाफ नाराजगी जनता में इतनी है कि अब हम 400 सीटें जीत सकते हैं।

अखिलेश यादव ने पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू का नाम लिए बगैर कहा, जनता को कंफ्यूज करते करते सरकार खुद कंफ्यूज हो गई है। अब अपराधियों को सरकार में शामिल कर रही है। आज भी सपा के कामों के नाम बदल करके उद्घाटन कर रहे हैं। खुद काम नहीं किया।
अखिलेश ने कहा, भाजपा के घोषणापत्र में 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा था। आज उत्तर प्रदेश का किसान जानना चाह रहा कि काले कानून के बाद, जिस तरह से मंडी बंद हो चुकी हैं, क्या उनकी आय दोगुनी हई? आज भी किसानों के गन्ने का बकाया है।
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर सभी राजनीतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे में समाजवादी पार्टी भी आज समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्र के 89वें जन्मदिन साइकिल यात्रा निकाल कर अपनी ताकत दिखा रही है। लखनऊ में खुद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रा निकाली।
साइकिल यात्रा पार्टी कार्यालय विक्रमादित्य मार्ग से शुरू होकर लारेटो चौराहा, कालीदास चौराहा, जियामऊ, 1090 चौराहा, जयप्रकाश नारायण अन्तर्राष्ट्रीय केन्द्र, सिरोज कैफे, सीएमएस चौराहा, दयाल चौराहा होते हुए साढ़े छह किलोमीटर की दूरी तय करके पार्क पहुंचेगी।