58 हजार पंचायत सहायकों की हो जाएगी भर्ती
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंचायती राज विभाग के 58 हजार 189 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक, अकाउंटेंट सह डाटा एंट्री आपरेटर की नियुक्ति करने का ऐलान किया है। 10 सितंबर तक प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके लिए 30 जुलाई से ही चयन प्रक्रिया शुरू होगी।

भर्ती प्रक्रिया का नियम
1. ग्राम प्रधान के परिवार के सदस्य इसके लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
2. 18 से 40 वर्ष की आयु के लोग इसमें आवेदन कर सकते हैं।
3. 10वीं और 12वीं के अंकों के आधार पर मेरिट के जरिए यह भर्ती होगी।
4. अभ्यर्थी उसी ग्राम पंचायत का निवासी होना चाहिए, जहां के लिए उसने अप्लाई किया है।
5. पंचायत सहायक एक साल की संविदा पर रखे जाएंगे।
6. अगर सेवाएं संतोषजनक पाई जाती हैं तो ग्राम सभा की खुली बैठक में विचार कर उसकी संविदा एक-एक वर्ष करके दो वर्ष बढ़ाई जा सकती है।
7. पंचायक सहायक, एकाउंटेंट कम डेटा एंट्री ऑपरेटर को छह हजार रुपए महीना मानदेय मिलेगा।
8. एक माह की नोटिस पर हटाया भी जा सकता है।
ग्राम सचिवालय के लिए हर पंचायत को मिलेगा 1.75 लाख
सरकार ने फैसला किया है कि हर ग्राम सचिवालय की साज-सज्जा और कंप्यूटर के लिए 1.75 लाख रुपए मिलेंगे। फर्नीचर, कंप्यूटर व अन्य उपकरणों की खरीद ग्राम पंचायतें अपने स्तर से करेंगी। कार्यालय में इंटरनेट की व्यवस्था भी ग्राम पंचायतें करेंगी। आवश्यकतानुसार डोंगल की खरीद भी उन्हें ही करनी हैं।