उत्तर प्रदेशराज्य

महंगाई के खिलाफ तांगा-रिक्शा लेकर निकले कार्यकर्ता

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : लगातार बढ़ रही पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों के अलावा खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों के खिलाफ शहर कांग्रेस कमेटी ने पहले से आयोजित तांगा-रिक्शा मार्च निकाला। कांग्रेस कार्यकर्ता बालागंज चौराहे से चौक तक जाना चाहते थे, लेकिन पुलिस की तगड़ी घेराबंदी के चलते प्रदर्शनकारी आगे नहीं बढ़ सके। वहीं कांग्रेस कायकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

        पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस पहले से ही लगातार विरोध जताते हुए प्रदर्शन करती आ रही है

पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर कांग्रेस पहले से ही लगातार विरोध जताते हुए प्रदर्शन करती आ रही है। सोमवार को शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से बालागंज चौराहे से चौक चौराहे के बीच तांगा और रिक्शा चलाकर प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुराने शहर में आने-जाने वाले रास्तों पर पुलिस का सुबह से कड़ा पहरा कर दिया गया था। बालागंज चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे से रोक दिया।

ग्यारह बजे के करीब कांग्रेस के दोनों शहर अध्यक्षों के साथ तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता बालागंज चौराहे से तांगा और रिक्शा लेकर आगे बढ़े। पुलिस ने बालागंज चौराहे पर पहले से ही बैरीकेडिंग लगा रखी थी। पुलिस ने ज्ञापन देकर नेताओं को लौट जाने को कहा मगर प्रदर्शनकारी चौक चौराहे तक जाने की जिद पर अड़े रहे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव का कहना है कि प्रशासन पूरी तरह लोकतंत्र को कुचलने पर लगा है। काग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन पुलिस जबरन रोक रही है। प्रशासन के इशारे पर कांग्रेस नेताओं को घरों पर ही रोकने की कोशिश की गयी। रास्तों पर पुलिस लगा दी गयी है ताकि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कार्यकर्ता पहुंच नहीं सके। कांग्रेस पार्टी सरकार से डरने वाली नहीं है। जब तक सरकार पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी नहीं करती तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करते रहेंगे।

Related Articles

Back to top button