उत्तर प्रदेशराज्य

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया शुभारंभ

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एक दिवसीय प्रदेश कार्य समिति बैठक का आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगाज हो गया है। इसका शुभारंभ लखनऊ के सांसद तथा केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। राजनाथ इसमें शिरकत करने के लिए शनिवार रात लखनऊ पहुंच गए थे। समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान कृषि कानूनों को लेकर किसानों की नाराजगी, पंचायत चुनाव और मिशन 2022 आदि मुद्दों पर चर्चा होगी।

                     शहर में सरकार की उपलब्धियों की लगी होर्डिंग।

बता दें कि बतौर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अगुवाई में कार्यसमिति की पहली बैठक है। इससे पहले मई 2017 में बैठक हुई थी। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के सभी क्षेत्रों से करीब 600 नेता पहुंचे हैं।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद अश्वनी त्यागी ने बताया कि रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में कार्यसमिति के एजेंडे पर चर्चा हुई। इस दौरान किसान मुद्दा केंद्र में रहा। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसानों की नाराजगी पर चर्चा हुई। आमतौर पर कार्य समिति की बैठक दो दिवसीय होती है। लेकिन इस बार पंचायत चुनाव की व्यस्तता के कारण एक दिवसीय कार्यसमिति रखी गई है।

कार्य समिति बैठक स्थल पर पार्टी के सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर-बुंदेलखंड से नेता आए हैं। उनके रजिस्ट्रे​​​​​​शन, भोजन, पेयजल, मंच व्यवस्था व मीडिया की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को दी गई है। आवास और गाड़ियों के लिए भी पार्टी द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। इससे पहले राजधानी लखनऊ में स्थानीय मंत्रियों ने स्वच्छता अभियान चलाया और महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यार्पण किया।

Related Articles

Back to top button