खेल

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरा करा

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :मिताली राज… एक ऐसी दिग्गज जिनके नाम से भारतीय महिला क्रिकेट का कद दुनियाभर में ऊंचा हुआ। करीब 21 साल पहले जब इस दिग्गज खिलाड़ी ने क्रिकेट में पदार्पण किया तो महिला क्रिकेट भारत में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहा था। 21 साल के लंबे करियर में भारतीय क्रिकेट की कर्णधार रहीं मिताली के नाम शुक्रवार को एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई। देश में लेडी तेंदुलकर के नाम से प्रसिद्ध 38 वर्षीय भारतीय कप्तान यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में 35वां रन बनाते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) में 10,000 रन पूरे करने वाली भारत की पहली और दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर बन गईं। मिताली के नाम अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 10,001 रन दर्ज हैं और उनका औसत 46.73 है। उनसे आगे सिर्फ इंग्लैैंड की दिग्गज चार्लेट एडवर्ड हैं। वह वर्ष 2017 में क्रिकेट के सभी प्रारूप से संन्यास ले चुकी हैं।

वनडे में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड भी भारतीय कप्तान के नाम।

शानदार करियर : भारतीय वनडे टीम की कप्तान ने अपने करियर में रिकार्ड 75 अर्धशतक और आठ शतक जमाए हैं। इनमें से 54 अर्धशतक और सात शतक उन्होंने वनडे में जड़े हैैं। हालांकि, टेस्ट में उन्होंने एकमात्र शतक (214 रन) इंग्लैंड के खिलाफ 2002 में टॉटन में बनाया था, जो आज भी महिला क्रिकेटर के रूप में रिकॉर्ड है। मिताली ने सितंबर 2019 में टी-20 प्रारूप से संन्यास ले लिया था। टी-20 में उन्होंने 17 अर्धशतक जमाए हैैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 97 है।

वनडे में नंबर वन : मिताली अब तक 212 अंतरराष्ट्रीय वनडे में 50.53 की औसत से 6974 रन बना चुकी हैं। वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर भी हैं। वहीं 89 टी-20 मैचों में उनके नाम 2364 रन हैं। जबकि, 10 टेस्ट में मिताली ने 663 रन बनाए हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मिताली के नाम 75 अर्धशतक और आठ शतक हैैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन पूरे करने पर हार्दिक बधाई मिताली। शानदार उपलब्धि। मजबूती के साथ आगे बढ़ती रहो -सचिन तेंदुलकर 

बधाई मिताली राज। क्या शानदार उपलब्धि है। दिग्गज। -जय शाह, सचिव, बीसीसीआइ

10,000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनने पर बधाई मिताली। आप इस खेल की महान दूत और दिग्गज ही नहीं हो बल्कि, आपने क्रिकेटरों की एक पीढ़ी को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित किया। आप पर हम सभी को गर्व है। -वीवीएस लक्ष्मण, पूर्व भारतीय बल्लेबाज

 

Related Articles

Back to top button