उत्तर प्रदेशराज्य

फटकार के बाद खुले ताले

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए पिंक टायलेट बुधवार से खुल गए। 12 पिंक टायलेट में बिजली-पानी का कनेक्शन भी दे दिया गया और वहां महिला कर्मी की तैनाती भी कर दी गई। शेष पिंक टायलेट को भी जल्द चालू करने की कार्ययोजना बन गई है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर में 18 पिंक टायलेट का लोकार्पण किया था लेकिन, सरकारी अफसरों और पिंक टायलेट का निर्माण करने वाली एजेंसी की अनदेखी से दूसरे दिन ही पिंक टायलेट का संचालन नहीं हो पाया।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर में 18 पिंक टायलेट का लोकार्पण किया था

इसकी रिपोर्ट के छपने के बाद उच्चस्तरीय निर्देश जारी हुए। इसके बाद अफसर और एजेंसी के लोग जागे। अफसरों को भी अपनी गलती का अहसास हो गया और आनन-फानन में पिंक टायलेट के दरवाजे के ताले खुलने लगे। संचालन के लिए महिला कर्मियों की तैनाती भी कर दी गई। दरअसल पिंक टायलेट का निर्माण कराने वाली एजेंसी को ही उसका संचालन करना था लेकिन उसने ऐसा नहीं किया था।

निश्शुल्क है पिंक टायलेट : पहले दिन खुले पिंक टायलेट पर चार्ज वसूला जा रहा था। निर्माण एजेंसी के कर्मचारी के निर्देश पर 10-10 रुपये लिया गया। इस पर नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी का कहना है कि पिंक टायलेट के उपयोग का कोई शुल्क नहीं है। अगर इसकी शिकायत मिली तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button