उत्तर प्रदेशराज्य

BJP के दस तथा SP के दोनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीट पर अब 28 जनवरी को मतदान नहीं होगा। आज यानी 21 जनवरी को नाम वापसी के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी के दस तथा समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया गया।विधान मंडल ने इन सभी 12 को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा पीएम नरेंद्र मोदी के बेहद करीबी रिटायर्ड आइएएस अफसर मऊ निवासी अरविंद कुमार शर्मा को मैदान में उतारा था। निर्दलीय महेश चंद्र शर्मा का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद भाजपा के दस तथा समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशियों का निर्वाचन तय हो गया था। आज इस पर मुहर लग गई। विधान परिषद सचिवालय ने सभी को निर्वाचन प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया है।

अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे राजेंद्र चौधरी भी समाजवादी पार्टी की तरफ से उच्च सदन में बैठेंगे।

भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, विधान परिषद सदस्य लक्ष्मण आचार्य तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला के साथ अरविंद कुमार शर्मा, सलिल विश्नोई, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति व कुंवर मानवेंद्र सिंह अब विधान परिषद सदस्य हो गए हैं। भाजपा के सभी दस प्रत्याशियों ने सोमवार को ही उत्तर प्रदेश विधानमंडल के टंडन हॉल नामांकन दाखिल किया था।

Related Articles

Back to top button