दुधवा टाइगर रिजर्व में बर्ड फ्लू की आशंका
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :देश के कई हिस्सों में बर्ड फ्लू की दस्तक के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। दुधवा टाइगर रिजर्व समेत जिले के सभी वेटलैंड पर खास निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उप निदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज की नगरिया झील पहुंचकर जायजा लिया। हालांकि उन्होंने बर्ड फ्लू के प्रभाव को खारिज किया है।

दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंक्चुरी के झादीताल, दुधवा के बांकेताल, भादीताल, ककरहा, चुरैला, लौदरिया समेत बफरजोन के मैलानी रेंज की महुरेना बीट स्थित नगरिया झील में पूरे साल स्थानीय परिंदों का बसेरा रहता है। सर्दियों के मौसम में ठंडे देशों चीन, जापान, मलेशिया, लद्दाख, साइबेरिया, मणिपुर आदि से हजारों किलोमीटर की लंबी उड़ान भरकर विभिन्न प्रजातियों के रंग-बिरंगे प्रवासी पक्षी यहां आते हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बर्ड फ्लू की आशंकाओं के चलते बुधवार को बांकेगंज कस्बा से सटी नगरिया झील का भ्रमण किया। उन्होंने वहां काफी देर रुककर पक्षियों की गतिविधियों का अध्ययन भी किया।