यूपी में फिर शुरू होगा बारिश और आंधी-तूफान का दौर
स्वतंत्रदेश ,लखनऊयूपी का मौसम नए रंग दिखा रहा है। होली के बाद से कभी तेज गर्मी का रूप दिखा तो कुछ घंटों में ही बारिश और ओले गिरने से तापमान पांच डिग्री तक नीचे गिर गया। मंगलवार को पूरे दिन सतही हवा चलने के कारण तापमान में गिरावट रही, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

यूपी के कुछ जिलों में वज्रपात होने की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, 20 और 21 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान तेज झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 22 मार्च के बीच मौसम अस्थिर रहेगा। इन तीन दिनों में कुछ जिलों में गरज के साथ वज्रपात हो सकता है। इसके अलावा, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।