झाड़ू लगा रही महिला को चचेरे ससुर ने गोली मारी
स्वतंत्रदेश , लखनऊ :उत्तर प्रदेश के हरदोई में मामूली विवाद में चचेरे ससुर ने महिला को गोली मार दी। सोमवार की सुबह हुई घटना में महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

मामला लोनार थानाक्षेत्र के औहदपुर का है। यहां के निवासी अटल प्रकाश का चाचा राज नारायण से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि राजनारायण ने एक नल लगवाया था, जिसका अटल प्रकाश का परिवार भी उपयोग करता था। लेकिन विवाद के बाद राज नारायण ने रविवार को नल उखड़वा दिया था। जिसको लेकर उनके बीच विवाद भी हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। लेकिन सोमवार को फिरसे कहासुनी हो गई। अटल की पत्नी अंजली (32) घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी, उसी समय राज नारायण आ गया। तमंचे से अंजली को गोली मार दी और फरार हो गया। अंजली को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाल सुरेंद्र सोनकर ने बताया कि एफआइआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।