उत्तर प्रदेशराज्य

मौनी अमावस्या आज: सरयू स्नान के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालु

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:मौनी अमावस्या का पर्व शुक्रवार को मनाया जा रहा है। इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दान पुण्य करने का विशेष महत्व है। इसी मान्यता के चलते रामनगरी अयोध्या में भी लाखों श्रद्धालु उमड़ते हैं। सरयू में डुबकी लगाकर मंदिरों में दर्शन-पूजन करते हैं। अयोध्या में पांच लाख श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना है। इसके चलते यहां यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। गुरुवार शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में लाखों श्रद्धालु स्नान करते हैं। पूर्वांचल के श्रद्धालुओं का हुजूम प्रयागराज स्नान के बाद अयोध्या में भी उमड़ता है। ऐसे में शुक्रवार व शनिवार को रामनगरी में प्रयागराज से लौटने वाले श्रद्धालुओं का दबाव रहेगा। यहां पहले से ही रोजाना दो लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सरयू स्नान के लिए गुरुवार की शाम से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया है। मौनी अमावस्या पर शुक्रवार को सुबह चार बजे से ही सरयू स्नान को भक्तों की भीड़ उमड़ने लगेगी। भीड़ को देखते हुए सरयू घाटों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।रामनगरी में यातायात प्रतिबंधित होने के चलते श्रद्धालुओं को चार से पांच किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद रामलला के दर्शन हो रहे हैं। चार पहिया वाहनों के लिए टेढ़ी बाजार, हनुमान गुफा पर पार्किंग बनाई गई है। यहां से उन्हें रामलला के दर्शन के लिए पैदल ही जाना पड़ता है। टेढ़ी बाजार से राममंदिर की दूरी करीब दो किलोमीटर, जबकि हनुमानगुफा से करीब तीन किलोमीटर है। ऐसे में श्रद्धालुओं को चार से पांच किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है। टेढ़ी बाजार से रामपथ तक ई-बसों का भी संचालन रोक दिया गया है।

सर्वार्थ सिद्धि योग में डुबकी लगाएंगे श्रद्धालु
आचार्य शिवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि माघ कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि नौ फरवरी को सुबह 8:30 बजे लगेगी। 10 फरवरी को भोर में 4:28 बजे तक रहेगी। इस दिन मौन रहकर स्नान-दान करने से मनुष्य के कई जन्मों के पाप मिट जाते हैं। दान करने से पहले सवा घंटे तक मौन रख लिया जाए तो पुण्यफल 16 गुना बढ़ जाता है। मौनी अमावस्या पर सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग सुबह 07:05 बजे से लेकर रात को 11:29 बजे तक रहेगा। इस दिन जप और तप करने वाले व्यक्ति को शनि के अशुभ प्रभाव से मुक्ति मिलती है। मन को शांति मिलती है। पीपल की 108 परिक्रमा करने से भी मनोकामना पूरी होती है।

आस्था स्पेशल ट्रेनों से अयोध्या पहुंचे कई हजार श्रद्धालु
भगवान रामलला के दर्शन के लिए गुरुवार को आस्था स्पेशल ट्रेनों से हजारों राम भक्त अयोध्या पहुंचे। स्टेशन से उन्हें नव्य अयोध्या के टेंट सिटी ले जाया गया। अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट सहित अन्य स्टेशनों पर 10 ट्रेनें पहुंची। तेलंगाना के काजीपेटा से चली आस्था स्पेशल ट्रेन सलारपुर स्टेशन पर पहुंची। यहां रणवीर सिंह, अंकुर सिंह, कर्मवीर, लवलेश दूबे आदि ने रामभक्तों का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button