Uncategorized

रामकथा पार्क पहुंचे सीएम योगी, गुरु वशिष्ठ के रूप में करेंगे राज्याभिषेक

स्वतंत्रदेश , लखनऊदीपोत्सव के लिए अयोध्या रोशनी से नहा उठी है। 24.60 लाख दीये बिछाए जा चुके हैं। शनिवार को दीपोत्सव में 21 लाख दीप केवल राम की पैड़ी पर जलाने की तैयारी है जोकि एक विश्व रिकॉर्ड भी साबित होगा। इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए 3 लाख 60 हजार दिए अतिरिक्त भी जलाएं जाएंगे ताकि दीपमाला अनवरत रहे।

यूपी के मंत्रियों ने संतों को किया सम्मानित
दीपोत्सव के अवसर पर रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में योगी सरकार के मंत्रियों ने कार्यक्रम में संतों को सम्मानित किया और उनसे आशीर्वाद लिया।

भगवान श्रीराम के वनवास से अयोध्या वापसी पर राज्याभिषेक के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामकथा पार्क पहुंच चुके हैं। वह यहां गुरू वशिष्ठ की भूमिका में नजर आएंगे। इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए रामकथा पार्क में करीब पांच हजार लोग मौजूद हैं। अब से कुछ ही देर में भगवान राम पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर में सवार होकर अयोध्या पहुंचेंगे। 

सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का नया कीर्तिमान बनेगा
इस मौके पर्यटन व संस्कृति मंत्री ने कहा कि राम नगरी में सबसे ज्यादा दीप प्रज्वलित करने का एक बार फिर नया कीर्तिमान बनेगा। सबसे अहम बात ये होगी कि प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक के दौरान दुनिया के 50 महत्वपूर्ण देशों के राजनयिक भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि ये दीपोत्सव सभी को त्रेतायुग की याद दिलाता है। जब भगवान श्रीराम लंका पर विजय प्राप्त करके अयोध्या वापस लौटे थे। अयोध्या वासियों ने उनका जिस प्रकार से तब स्वागत सत्कार किया था। उसी प्रकार से आज यहां की सड़कों पर दिखाई दे रहा है। यह अयोध्या ही पूरे हिन्दुस्तान का सौभाग्य है। भारतीय सनातन संस्कृति की ओर से यह संदेश पूरे विश्व पटल पर जाएगा।

श्रीराम की राज्य अभिषेक यात्रा को साकेत महाविद्यालय से प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया। यात्रा में राम कथा व सामाजिक संदेशों पर आधारित 18 झांकियां हैं। वहीं यात्रा के दौरान अचानक बारिश भी शुरू हो गई।

बारिश में भीगते हुए लोक कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी। इस दौरान राम के राज्याभिषेक यात्रा के दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी।  छतों से पुष्प वर्षा हुई और निरंतर जय श्री राम का उद्घोष हुआ। 

सरयू तट से आतिशबाजी निहारेंगे सीएम योगी और अतिथि

मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथि सरयू तट से आतिशबाजी निहारेंगे। अगर रामनगरी के निवासियों के उल्लास की बात करें तो लंका विजय के बाद श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में उन्होंने उसी तर्ज पर अपने घरों को सजाया है जैसा त्रेता युग में सजावट की गई थी। घरों व दुकानों की दरों-दीवारों पर रामकथा व शुभता के प्रतीकों को चित्रित किया है।

20 मिनट तक होगी ग्रीन पटाखों की आतिशबाजी

शनिवार को शाम होते ही जैसे ही रामलला के दरबार में पहला दीप जलेगा, पूरी अयोध्या जगमग हो उठेगी। भगवान श्रीराम पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से अयोध्या पधारेंगे। सीएम योगी व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद सीएम योगी वशिष्ठ की भूमिका में श्रीराम का राजतिलक करेंगे। इस आयोजन का साक्षी बनने के लिए रामकथा पार्क में करीब पांच हजार अतिथि मौजूद रहेंगे। इस बार सरयू पुल पर ग्रीन पटाखों की आतिशबाजी 20 मिनट तक होगी। इस पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button