इंदिरा-गोमती नगर में प्रकोप कायम
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :राजधानी लखनऊ में महीनों से कोरोना वायरस की चेन ब्रेक नहीं हो रही है। हर रोज सैकड़ों मरीज पाए जा रहे हैं। वहीं शहर के इंदिरा नगर-गोमती नगर में वायरस टॉप पर बना हुआ है। यहां कांटेक्ट-ट्रेसिंग अभियान चलाने के बावजूद वायरस थमता नहीं दिख रहा है।

राजधानी में अक्टूबर में संक्रमण की दर कुछ कम हुई है। अब 24 घंटे में मरीजों की तदाद 250 से 350 के आस-पास बनी हुई है। मगर, वायरस की चेन ब्रेक न होने से खतरा बरकरार है। लिहाजा, लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। शुक्रवार को अब तक 28 नए कोरोना के मरीज पाए गए। इसमें इंदिरा नगर के सात, गोमतीनगर के आठ मरीज पाए गए। इसके अलावा रायबरेली रोड,मडियांव, हजरतगंज, पारा, तालकटोरा, आलमबाग , चिनहट , चौक, अलीगंज, जानकीपुरम व विकास नगर के मरीजों में संक्रमण पाया गया।
शहर में अब तक 45037 लोग होम आइसोलेशन में रखे गए। इनमें 42752 ने वायरस को हरा दिया है। वहीं वर्तमान में 2285 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। इनका कोविड कंट्रोल रूम से अपडेट लिया जा रहा है। वहीं सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर गुरुवार को 6324 लोगों के नमूने लिए हैं। इनकी लैब में जांच जारी है।