उत्तर प्रदेशलखनऊ

रैपिडएक्स के कर्मचारियों पर गिरा स्लैब, मची चीख-पुकार

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:मेरठ में शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर रात को ढाई बजे रैपिडएक्स ट्रेन के कर्मचारी ऊपर फ्रेम रख रहे थे, अचानक भरभरा कर पूरा स्लैब गिर पड़ा। इस दौरान काम कर रहे आठ मजदूर हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। दो की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना से आसपास में हड़कंप मच गया। शॉप्रिक्स मॉल चौकी पुलिस और आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। दो मजदूर चंदन और भोला की हालत गंभीर बताई जा रही है। मजदूर सोनू कुमार, धर्मेंद्र, सुजीत, सागर, सोनू और राम इकबाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवान, सीओ ब्रह्मपुरी और ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद अधिकारियों ने अस्पताल में घायलों की जानकारी ली।

मजदूर सोनू ने बताया कि अचानक से पूरा स्लैब भरभरा कर नीचे गिर गया। गनीमत रही थी कि कोई भी फ्रेम के नीचे नहीं दबा। फ्रेम के नीचे आ जाते तो बड़ा हादसा हो जाता।

आने-जाने वाले भी आ सकते थे चपेट में
शॉप्रिक्स मॉल चौकी के ठीक सामने जहां पर यह स्लैब ऊपर रखा जा रहा था, वहां पर किसी भी वाहन को नहीं रोका गया था, गनीमत रही कि जिस समय स्लैब गिरा तो उस समय नीचे कोई भी व्यक्ति नहीं जा रहा था, कोई वहां से गुजर रहा होता तो वह भी चपेट में आ जाता। गाजियाबाद के दो युवकों ने बताया कि वह चंद सेकंड पहले ही यहां से निकले थे, वह बाल-बाल बच गए। घटना से आसपास में हड़कंप मच गया। 

बताया गया कि घायलों को अस्पताल ले जाने में आधा घंटे से ज्यादा का समय लग गया। बताया गया कि एंबुलेंस मौके पर नहीं आई थी, कोई भी व्यक्ति उनको अपनी प्राइवेट गाड़ी से ले जाने वाला नहीं था। इसके बाद अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button