उत्तर प्रदेशराज्य

प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले सरकारी डॉक्टरों पर होगी कार्रवाई

स्वतंत्रदेश , लखनऊयूपी विधान परिषद में चिकित्सा राज्य मंत्री मयंकेश्वर सिंह ने कहा कि प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टरों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्यस्थगन प्रस्ताव के जरिए सपा सदस्यों के स्वास्थ्य सेवाओं को ध्वस्त बताने के जवाब में मयंकेश्वर ने यह बात कही। कहा, पूर्व की सरकारों के मुकाबले आम लोगों को अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। एक अन्य सवाल के जवाब श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में रोजगार मेले लगाए जाएंगे।

सपा के शहनवाज खान ने स्वास्थ्य सेवाओं पर अपनी बात संस्कृत के श्लोक से शुरू करते हुए कहा कि निरोग होना परम भाग्य है। उनका उद्देश्य कटाक्ष करना नहीं है, लेकिन स्वास्थ्य मानकों में यूपी काफी पीछे है। केजीएमयू में छह माह से टीबी टेस्ट करने की मशीन नहीं है। डॉक्टर अंदाज से दवाएं लिख रहे हैं। लोहिया संस्थान की ओपीडी बंद पड़ी है। मृत्यु दर के आंकड़े भी चिंतनीय हैं। लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। डॉ. मान सिंह यादव ने कहा कि डायलिसिस के लिए लंबी वेटिंग है।

Related Articles

Back to top button