राष्ट्रपति उम्मीदवार पर की अभद्र टिप्पणी
स्वतंत्रदेश ,लखनऊ:राष्ट्रपति के चुनाव में एनडीए ने झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी बनाया। प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा होने के बाद राजनीतिक गलियारे से लेकर फिल्म इंडस्ट्री से जुडे लोगों ने अपनी राय सोशल मीडिया पर रखनी शुरू की। फिल्म निर्माता रामगोपाल वर्मा ने अपने ट्विटर हैंडल से राष्ट्रपति प्रत्याशी के लिए अभद्र व अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर टिप्पणी की। जिस पर कई लोगों ने आपत्ति जाहिर की। वहीं, इस मामले में अलीगंज के कुर्सी रोड निवासी मनोज कुमार सिंह ने हजरतगंज थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।

रामगोपाल वर्मा ने 22 जून को अपने ट्विटर हैंडल से आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक अलीगंज के कुर्सी रोड स्थित अर्जुन इंक्लेव फेज-2 में मनोज कुमार सिंह परिवार सहित रहते हैं। मनोज कुमार सिंह ने राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू पर की गई अभद्र टिप्पणी पर आपत्ति जताई है।उन्होंने फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा के खिलाफ हजरतगंज थाने में तहरीर दी है। जिसमें आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता रामगोपाल द्वारा की गई टिप्पणी समाज पर गलत असर डालेगी। ऐसे में फिल्म निर्माता पर कार्रवाई की जानी जरूरी है।प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक मनोज कुमार सिंह की तहरीर पर फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।