उत्तर प्रदेशराज्य

फिर डिप्टी सीएम मरीज बनकर पहुंचे यहाँ

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम का अस्पतालों का औचक निरीक्षण लगातार जारी है। उप मुख्यमंत्री सोमवार को मरीज बनकर बाराबंकी जिला अस्‍पताल की ओपीडी में पहुंचे और लाइन में लगकर पर्चा बनवाया। मास्क लगा होने के कारण पहले तो लोग उनको पहचान नहीं पाए, लेकिन जब पता चला तो वहां पर खलबली मच गई। करीब 40 मिनट के निरीक्षण के दौरान ब्रजेश पाठक ने वहां पर कई कमियां मिलने के बाद जिम्मेदार चिकित्सों तथा अधिकारियों को फटकार भी लगाई।

सोमवार को बाराबंकी जिला अस्‍पताल का उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्‍होंने मरीज बन लाइन में लगकर पर्चा बनवाया।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जिला अस्पताल में प्रशासनिक अमले को छोड़ निजी वाहन से पहुंचे। उप मुख्‍यमंत्री ने पहले अस्पताल की सेवाओं की हकीकत परखी। इसके बाद लाइन में लग कर पर्चा भी बनवाया। एक ही काउंटर पर पर्चे बनाए जा रहे थे। इस पर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को फटकार लगाई। एक चिकित्सक के कोर्ट जाने की जानकारी मिलने पर फोन पर जानकारी ली और झूठी सूचना देने पर नाराजगी जताई। उन्होंने खराब मिले वाटर कूलर को ठीक कराने और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए निर्देश दिए।

40 मिनट चला अस्पताल का ‘आपरेशन’: उप मुख्यमंत्री का जिला अस्पताल का ‘आपरेशन’ करीब 40 मिनट तक चला। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं की सत्यता जांची। हड्डी रोग विभाग में एक मरीज के पैर में ईंटा बंधा देखा तो उनका पारा चढ़ गया। उन्‍होंने बाेला कि यहां अब भी जुगाड़ चल रहा है। एक कक्ष में पैक रखी मशीन के संबंध में उन्‍होंने जानकारी ली। बताया गया कि चार महीने पहले यह मशीन आई थी, लेकिन इसका उपयोग न होने के कारण नहीं खोली गई। इस पर उन्‍होंने कहा कि अगर उपयोग नहीं था तो भी मशीन को चेक करना चाहिए था।

Related Articles

Back to top button