उत्तर प्रदेशराज्य

फल विक्रेता का रोते हुए वीडियो आया सामने

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:नगर निगम कर्मचारियों ने लोहिया पथ पर फल का ठेका लगाने वाले व्यक्ति का तराजू और बांट छीन लिया। इसके बाद फल विक्रेता का रोते हुए एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि लोहिया पथ के पास नगर निगम कर्मचारी दुर्गेश ने फल विक्रेता का तराजू और बांट छीना है। वह 1090 और लोहिया पथ के बीच संतरा, अंगूर और सेब का ठेला लगता था। हालांकि, फल विक्रेता का नाम सामने नहीं आया है।

नगर निगम कर्मचारी ने फल विक्रेता का सामान छीना।

इस घटना के बाद का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह फफक-फफक कर रो रहा है। रविवार को नगर निगम कर्मचारी अतिक्रमण हटाने के नाम पर उसका ठेला हटाने पहुंच गए। वह बचने के लिए भागा, लेकिन उसका पर्स गिर गया। नगर निगम कर्मचारियों ने उसे पकड़ भी लिया और उसका तराजू और बांट दोनों छीन लिया। पहले से ही पैसा गिरने से परेशान फल विक्रेता कांटा और बांट छीने जाने से फफक-फफक कर रोने लगा।

कांग्रेस ने कहा पूरे शहर में हो रही अवैध वसूली

शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान का कहना है कि एक तरफ नगर निगम फेरी नीति के तहत हजारों लोगों को रोजगार देने का दावा करता है। वहीं, दूसरी तरफ गरीब लोगों से अवैध वसूली के लिए अभियान चलाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे शहर में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी कर ऐसे ही फेरी वालों को परेशान करते हैं। इसमें दिहाड़ी से लेकर महीने के आधार पर वसूली होती है।

इस मामले में मेयर संयुक्ता भाटिया का कहना है कि उनके पास अभी ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है। किसी को भी प्रताड़ित करना गलत है। सोमवार को इसकी जांच कराई जाएगी और जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शहर में किसी भी वेंडर या फेरीवाले को परेशान नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button