राजनीति

सांसद होने से पहले मैं एक बेटी हूं-संघमित्रा मौर्य

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर-प्रदेश के कुशीनगर में सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे योगी सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हुए हमले के बाद से भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अपने पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हुए हमले पर भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह हमला किया है और जनता भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।

भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्य बोली- मैंने चोरी-छिपे कभी सपा का प्रचार नहीं किया

संघमित्रा मौर्य पर चोरी-छिपे पिता और सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य का चुनाव प्रचार करने का आरोप लग रहा है। आरोप है कि पिता के लिए बेटी संघमित्रा मौर्य ने प्रचार किया और अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को भगाया। स्वामी प्रसाद मौर्य के काफिले पर हुए हमले के मामले में सपा और भाजपा दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सपा ने इस मामले में 18 नामजद सहित 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

वहीं, भाजपा की ओर से बदायूं की सांसद संघमित्रा मौर्य और स्वामी प्रसाद के बेटे अशोक मौर्य समेत 24 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इस विवाद के बाद संघमित्रा मौर्य को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। कहा जा रहा है कि या तो भाजपा उनके खिलाफ कार्यवाई करेगी या फिर संघमित्रा खुद भाजपा छोड़ देंगी।

सवाल-क्या आप भाजपा छोड़ देंगी?

जवाब- मैं पार्टी के साथ थी, पार्टी के साथ हूं और पार्टी के साथ ही रहूंगी। मैं न तो सांसदी छोडूंगी और न ही भाजपा। अगर किसी के पास सबूत है तो सामने लाए और मैं दोषी हूं तो फिर हर सजा भुगतने को तैयार हूं। मैंने कल खुल कर बोला..और अभी भी कह रही हूं कि मैं एक सांसद होने से पहले एक बेटी हूं। अगर माता-पिता पर हमला होता है, तो कोई भी बेटी चुप नहीं रह सकती है।

सवाल- भाजपा जब आरोप लगा रही है, तो आपको फिर पार्टी से क्यों नही निकाल रही है?
जवाब-
 पार्टी आरोप नहीं लगा रही है। आरोप वो लगा रहें हैं, जिन्हें संघमित्रा मौर्या से डर है। जिन्हें एक उभरती महिला नेता से डर लग रहा है। मेरे आगे बढ़ने से अपने कैरियर को लेकर डरने वाले लोग आरोप लगा रहें है, लेकिन मैं इससे बिल्कुल भी विचलित नहीं होने वाली हूं।

सवाल- भाजपा की ओर से जो एफआईआर कराई गई है, उसमें आपको भी आरोपी बनाया गया है। इसे कैसे देखती हैं?

जवाब- दोनों तरफ से नाम दिए गए हैं, जिसके आधार पर एफआईआर हुई है। दोनों तरफ से कार्रवाई हुई है। अब इसकी जांच होगी, विवेचना होगी और जो दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और ये होना भी चाहिए।

सवाल- आप मानती हैं कि यह एफआईआर सही है। आप भाजपा सांसद हैं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है?

जवाब- मैं तो पहले भी कहती रही हूं और अभी भी कह रही हूं कि अगर मैं गलत हूं, तो कार्रवाई होनी चाहिए। नियम सबके लिए एक होता है। अगर वो नियम जनता पर लागू है, तो फिर सांसद पर भी है, चाहें वो किसी भी पार्टी का हो।

Related Articles

Back to top button