बनेगा राम वनगमन मार्ग
स्वतंत्रदेश ,लखनऊ:राम मंदिर के निर्माण का रास्ता खुलते ही उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य की राम वनगमन मार्ग की परिकल्पना व पहल पर लोक निर्माण विभाग द्वारा राम वनगमन मार्ग बनाये जाने का मसौदा तैयार किया गया, इसमे अधिग्रहीत भूमि के मुआवजा वितरण के साथ-साथ एलाइन्मेन्ट व अन्य कार्यों को अन्तिम रूप दिये जाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय मार्ग विंग द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। राम वनगमन मार्ग अयोध्या से प्रारम्भ होकर सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, श्रृंगवेरपुर धाम, मंझनपुर, राजापुर होते हुए चित्रकूट तक विकसित किया जाना प्रस्तावित है।

उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि मार्ग के पैकेजों के विकसित हो जाने के उपरान्त क्षेत्रवासियों को अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध हो जायेंगी। क्षेत्र का सामरिक एवं आर्थिक विकास द्रुत गति से होगा। गंगा नदी पर पूर्व निर्मित सेतु के उपयोग से कौशाम्बी जनपद के श्रृंगवेरपुर धाम तक सीधे पहुंच हो जायेगी। कुरई घाट पर स्थित राम मंदिर तथा चरवा गांव में स्थित राम जानकी मंदिर कहा जाता है, यहां पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम वनगमन के समय विश्राम किये थे, का भी सीधा सम्पर्क लिंक मार्ग के भविष्य में विकसित होने के उपरान्त हो जायेगा, जिससे राम वनगमन पथ का उद्देश्य भी पूर्ण होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के विकसित हो जाने से यातायात भी बढ़ेगा एवं खदान से प्राप्त होने वाली गिट्टी/बालू को खदान से क्षेत्र में ले जाने में क्षेत्रवासियों को अधिक सुगमता होगी, जो क्षेत्रवासियों के चैमुखी विकास में सहायक होगा।