हमारे इलाके में दीजिए घड़ी -हैदरगंज वार्ड के पार्षद
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :चलने के साथ ही विरोध के चलते बंद हो गई निगरानी घड़ी पर अब पार्षद भी गुटों में बंट गए हैं। गोमतीनगर व चिनहट क्षेत्र में सफाई की निगरानी के लिए जीपीएस लैस घड़ी का विरोध होने से कर्मचारियों के हाथों पर अब यह नहीं दिख रही है लेकिन सफाई में पारदर्शी व्यवस्था लाने के लिए कुछ पार्षदों ने घड़ी को सही बताया है। हैदरगंज वार्ड से भाजपा पार्षद विजय गुप्ता का कहना है कि वह हमेशा से सफाई की निगरानी वाली घड़ी का समर्थन कर रहे हैं।

पार्षद कहते हैं कि उनके वार्ड के सफाई कर्मचारियों को यह घड़ी पहना दी जाए,लेकिन नगर निगम के अधिकारी खुद ही घड़ी पहनाने से दूर भाग रहे हैं। सफाई कर्मचारियों के घड़ी पहनने से वह अधिकारी भी प्रभावित होंगे, जो गैर हाजिर कर्मचारियों की उपस्थिति को प्रमाणित करते हैं। यही अधिकारी नगर आयुक्त को गुमराह करते हैं। पार्षद का यहां तक कहना है कि उनके वार्ड में चार घंटा भी सफाई कर्मचारी काम नहीं करते हैं। ठेकेदार का भुगतान भी नहीं काटा जाता है।
सफाई के दावे को खारिज कर रहे
दैनिक जागरण को मेल भेजकर अपना दर्द भी शहरवासियों ने बताया आलमबाग की गीतापल्ली कॉलोनी निवासी सतीश चंद्रा कहते हैं कि नगर निगम के जोन पांच में कई बार शिकायतों के बाद भी सफाई नहीं हो रही है। गंदगी के बीच लोग रह रहे हैं और नालियों में गंदगी भरी है। चांदगंज गार्डेंन निवासी पुनीत त्रिवेदी कहते हैं कि जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के बाद भी त्रिपाठी निवास के पीछे गंदा है और इस गलियारे में गंदगी भरी है।




