उत्तर प्रदेशराज्य

दंपती पर डीजल डालकर लगा दी आग

 स्वतंत्रदेश,लखनऊ:प्लाटिंग साइट पर नौकरी करने वाले चौकीदार व उसकी पत्नी पर सोमवार रात डीजल डालकर आग लगा दी गई। आग से बुरी तरह झुलसे दंपति को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़ित के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश का मुकदमा लिखा है। आग किसने और क्यों लगाई इसका पता नहीं चल सका है।

कोतवाली नगर के मोहम्मदपुर गांव में गुलमोहर नाम से प्लाटिंग की साइट है। इसमें लंबे समय से रामसनेहीघाट कोतवाली के चौरी अलहादादपुर निवासी 50 वर्षीय शेषनाथ शुक्ला परिवार के साथ रहकर चौकीदारी करते हैं।

उनके साथ पत्नी शिवदेवी और पुत्री अंशिका व बेटा अंकित रहते हैं। रात करीब ढाई बजे चौकीदार शेषनाथ कुर्सी पर बैठे थे, जबकि पत्नी व बच्चे अलग-अलग सो रहे थे। शेषनाथ भी कुर्सी पर बैठे-बैठे सो गए थे। तभी वहां पहुंचे बदमाशों ने शिवदेवी और शेषनाथ पर डीजल डाल दिया। जब तक दोनों कुछ समझ पाते उनको आग के हवाले कर दिया गया। शोर सुनकर जगे बच्चों व आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई, लेकिन तब तक दोनों बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।कोतवाली नगर व सतरिख थाना की पुलिस मौके पर पहुंचे। सीओ सिटी नवीन सिंह ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले बीड़ी पीने का विरोध करने पर ग्रामीणों से शेषनाथ का विवाद हुआ था। वहीं प्लाटिंग के मालिकान में भी विवाद चल रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button