व्हील चेयर पर बैठ लगे दिव्यांगों को पंख
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:मन की आंखो से देखने और फरकते लब सुनने वालों के लिए यह दिन कुछ खास रहा। देखने वालों के लिए अलग लेकिन समझने वालों के लिए अहम माने जाने वाले दिव्यांग बच्चों के चेहरों पर बुधवार को मुस्कुराहट तैर गई। विभिन्न प्रकार के उपकरण पाते ही दिव्यांगों को लगा कि उन्होंने दुनिया हासिल कर ली। पैरो से दिव्यांग तुषार व्हील चेयर लेकर दौड़ पड़ा। ब्रेल स्लेट पर अरमान ने मन की गाथा उकेर दी। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय डायट परिसर में कुछ ऐसा ही नजारा बुधवार सुबह को देखने को मिला। चहकते दिव्यांगों को जिसने भी देखा खुशी से उसका मन प्रफुल्लित हुए बिना नहीं रहा।

समग्र शिक्षा के तहत बुधवार का दिन दिव्यांग बच्चों को समर्पित रहा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण देकर मुख्य धारा में शामिल करने की दृष्टि से शिविरों क आयोजन किया गया। 220 दिव्यांग बच्चों को अलग-अलग प्रकार के उपकरण तथा उपस्कर वितरित किये गए। केजीबी डायट में लगे शिविर में दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता अनुसार उपकरण तथा उपस्कर बांटे गए।
जिला कोआर्डिनेटर समेकित शिक्षा सुशील कुमार ने बताया कि जिले के 220 दिव्यांग बच्चों को विभिन्न प्रकार के उपकरण वितरित किये गए। उन्होने बताया कि मूक-बधिर दिव्यांग बच्चों को 39 हियरिंग उपकरण उपलब्ध कराए गए। उपकरण पाने वालों में 24 बालक तथा 15 दिव्यांग बालिकाएं शामिल हैं।