उत्तर प्रदेशराज्य

नेपाली नद‍ियों से आ रहे पानी ने बढ़ाई च‍िंता

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : बारिश, बैराज और नेपाली नद‍ियों से आ रहे पानी से कई ज‍िलों में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। शारदा व घाघरा नदियों के जलस्‍तर बढ़ने से सीतापुर, गोंडा, अंबेडकरनगर और बाराबंकी के कई इलाकों में मुश्‍क‍िलें बढ़ने लगी हैं। जलस्तर स्थिर होने के बावजूद कुछ गांवों में कटान जारी है। बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी जगहों पर प्रशासन ने तैयार‍ियां शुरू कर दी हैं। राजस्व कर्मचारियों की टीम कटान प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रही हैं।

बहराइच में नेपाली नदियों से आने वाले पानी को बैराजों से छोड़े जाने का सिलसिला जारी है।

बहराइच में नेपाली नदियों से आने वाले पानी को बैराजों से छोड़े जाने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार की सुबह तीनों बैराजों से दो लाख 15 हजार 384 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सुबह से घाघरा का जलस्तर स्थिर है। जलस्तर स्थिर होने से घाघरा के तटवर्ती गांवों में बाढ़ की संभावना कुछ समय के लिए कम हुई है लेकिन दोबारा पानी छोड़े जाने के बाद से आगामी कुछ घंटों में जलस्तर बढ़ने की आशंका बढ़ गई है। जलस्तर स्थिर होने के बावजूद कुछ गांवों में कटान जारी है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के साथ तहसील प्रशासन भी हरकत में आ गया है

एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल ने बताया कि कटान प्रभावित गांवों का जायजा लिया गया है। कटान पीड़ितों को तिरपाल व खाद्यान्न मुहैया कराया गया है। राजस्व कर्मचारियों की टीम कटान प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर रही हैं। महसी तहसील के तिकुरी ग्राम पंचायत पर भी घाघरा की क्रूर लहरों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। कृषि योग्य भूमि को निगलते हुए घाघरा ग्रामीणों के आशियानों की ओर बढ़ रही है। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बाद भीषण बाढ़ व कटान की आशंका से तटवर्ती ग्रामीण सहमें हुए हैं। शुक्रवार की सुबह आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 105.626 मीटर रिकॉर्ड किया गया

अयोध्या में सरयू के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। गुरुवार को सायं पांच बजे जलस्तर 92 मीटर तक पहुंचने के बाद स्थिर हो गया, किंतु शुक्रवार की सुबह से पुन: जलस्तर में वृद्धि शुरू हुई। अपराह्न दो बजे तक जलस्तर 92.060 मीटर रिकार्ड किया गया। जलस्तर में अभी भी वृद्धि जारी है। हालांकि यह वृद्धि आधे सेंटीमीटर प्रति घंटे की भी दर से कम है।

गाेंडा में शुक्रवार की भोर हल्की फुहारें पड़ी। इसके बाद बादल छाए गए। विभिन्न इलाकों में बारिश भी हुई। बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में इजाफा हो रहा है। एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 48 व अयोध्या में सरयू नदी 70 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

अंबेडकरनगर के टाण्डा में घाघरा नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह से शुक्रवार सुबह तक नौ सेंटीमीटर बढ़ा है। इस समय घाघरा का जलस्तर खतरे के लाल निशान 92. 730 मीटर से 64 सेंटीमीटर नीचे 92. 06 मीटर पर है। इसके साथ ही शुक्रवार को 30 एमएम बरसात दर्ज की गई।

Related Articles

Back to top button