उत्तर प्रदेशलखनऊ

राजपथ पर दुनिया देखेगी रामराज व राम मंदिर की झांकी

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में बन रहे भव्य और दिव्य मंदिर का वैभव इस बार दिल्ली में राजपथ के जरिये पूरी दुनिया देखेगी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों ने ही ‘सबके हैं राम’ का संदेश दिया। अब सरकार दुनिया को बताना चाहती है कि अयोध्या भी सबकी है। यह सिर्फ भगवान श्रीराम का जन्मस्थान ही नहीं, बल्कि कई संप्रदायों के लिए आस्था का केंद्र है। साथ ही सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत भी सहेजे है। इसकी झांकी राम मंदिर के मॉडल के साथ इस बार गणतंत्र दिवस की परेड में नजर आएगी।

अयोध्या में राम मंदिर के शिलान्यास समारोह में पीएम मोदी और सीएम योगी दोनों ने ही सबके हैं राम का संदेश दिया।

दिल्ली में 26 जनवरी, 2021 को होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में इस बार अयोध्या की झांकी विशेष तौर तैयार की जा रही है। इस झांकी में श्रीराम मंदिर का मॉडल प्रदर्शित किया जाएगा। ‘अयोध्या : उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर’ शीर्षक से प्रस्तावित इस झांकी में प्रभु श्रीराम की धरती पर बन रहे मंदिर सहित वहां की संस्कृति, परंपरा, कला और विभिन्न देशों से अयोध्या व प्रभु राम से संबंधों का चित्रण भी किया जाएगा। इसके साथ ही 2018 से योगी द्वारा शुरू किए गए भव्य दीपोत्सव को दिखाया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा : प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर सदियों से प्रतीक्षित मंदिर का निर्माण शुरू होते ही अयोध्या धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भी अयोध्या को पूरी विश्व में धार्मिक पर्यटन का मुख्य केंद्र बनाना चाहती है। इसी प्रयास में इस बार दिल्ली में राजपथ पर निकलने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में अयोध्या की झांकी को शामिल करने का फैसला किया गया है।

यूपी की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व : गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में राजपथ पर निकलने वाली परेड में हर वर्ष विभिन्न राज्यों के विशिष्टताओं-विविधताओं का प्रतिनिधित्व होता है। धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों का धनी उत्तर प्रदेश भी इसमें सहभागिता करता है। इस बार सूचना विभाग देश का आकर्षण बनने वाली गणतंत्र दिवस की परेड में अयोध्या की झांकी सजाने जा रहा है, जो कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व भी करेगी।

 

Related Articles

Back to top button