लखनऊ के हुक्का बार में चली गोली
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :राजधानी के राजाजीपुरम में रविवार रात हुक्का बार में एक युवक को गोली मार दी गई। गढ़ी कनौरा आलमबाग निवासी मारकंडेय अवस्थी रविवार रात में अपने दोस्त के साथ राजाजीपुरम स्थित शीशा रेस्टोरेंट एंड हुक्का बार में आया था।

आरोप है कि हुक्का बार में पहले से मौजूद अभय पांडेय, उत्कर्ष और मुन्नू ने मारकंडेय को देखते ही उसे दौड़ा लिया। मारकंडेय आरोपितों को देखकर भागने लगा। इसके बाद आरोपितों ने उसपर गोली चला दी। हमले में मारकंडेय के पैर में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि रोक के बावजूद वहां हुक्का परोसा जा रहा था। मारकंडेय ने तीनों आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है?
सीसी फुटेज खंगाल रही पुलिस
तालकटोरा पुलिस सीसी फुटेज खंगाल रही है, जिससे घटना के बारे में पता चल सके। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले मारकंडेय का आरोपितों से विवाद हुआ था। तब आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी और मारकंडेय की तलाश कर रहे थे। पीड़ित जब हुक्का बार पहुँचा था तो उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि आरोपित वहां मौजूद हैं। मारकंडेय को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घायल खुद ही थाने पहुँचा था और पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले कि पड़ताल कर रही है।