दिल्ली में फिर लग सकता है लॉकडाउन
दिल्ली में कोरोना के केस लगातार बढ़ने से सरकार की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली सरकार बाजार बंद करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना रोकने के लिए छोटे स्तर पर लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है। वहीं, दिल्ली में अब शादी में 200 की जगह 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इसको लेकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। दो दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कोरोना के हालात की समीक्षा की थी

इधर, देश में कोरोना से ठीक होने वालों की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। 12 राज्यों में रिकवरी रेट 95% से ज्यादा है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 88 लाख 74 हजार 172 हो गया है। इनमें से 82 लाख 88 हजार 169 ठीक भी हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 28 हजार 377 नए मरीज मिले। पिछले 4 महीने में ये आंकड़ा सबसे कम है। इसके पहले 14 जुलाई को सबसे कम 29 हजार 917 मरीज मिले थे।
दो दिन में 25 हजार एक्टिव केस घटे
एक्टिव केस में भी एक बार फिर से तेज गिरावट शुरू हो गई है। पिछले 2 दिनों में एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हजार 944 घटी है। अब देश में 4 लाख 53 हजार 449 एक्टिव केस रह गए हैं। इस मामले में भारत एक पायदान नीचे खिसककर 5वें नंबर पर पहुंच गया है। अब सबसे ज्यादा एक्टिव केस के मामले में बेल्जियम चौथे नंबर पर है।
उत्तरप्रदेश
पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 1546 लोग संक्रमित पाए गए। 1889 लोग रिकवर हुए और 21 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 5 लाख 12 हजार 850 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 22 हजार 603 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 82 हजार 854 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 7393 हो गई है।