उत्तर प्रदेशराज्य

आनंदी बेन के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ पहुंचे अयोध्या

स्वतंत्रदेश ,लखनऊ । भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में शुक्रवार का दिन बेहद यादगार होने जा रहा है। यहां पर आज होने वाले भव्य दीपोत्सव का आकार बीते तीन से काफी वृहद और मनभावन होने के साथ बड़ा एतिहासिक भी होगा। शुक्रवार को साकेत महाविद्यालय से भव्य झांकियां निकलने के साथ चौथे दीपोत्सव का मनोहारी आगाज हुआ।

दीपोत्सव में आज राम की नगरी हुई राममय। इस दौरान लोगों ने भगवान के पुत्र मित्र भ्राता पिता आदि स्वरूपों का दर्शन किया।

रामकथा पर केंद्रित झांकियां: झांकियां श्री राम के जन्म से लेकर उनके राज्याभिषेक की कहानी बयां कर रही थी। रथ की शक्ल में ऐसी 11 झांकियों के बीच देश के विभिन्न प्रांतों से आए चुनिंदा लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से भी समा बांध रहे थे। अयोध्‍या में झांकी शोभा यात्रा की शक्ल में करीब 3 किलोमीटर का सफर तय कर राम कथा पार्क  पहुंचेंगी। लोक नृत्य की 20 टीमें झांकियों के साथ लोक नृत्य कर रही है।

492 वर्ष के बाद दीपावली पर दीप जलेंगे : श्रीराम जन्मभूमि में विराजमान रामलला के प्रांगण में 492 वर्ष के बाद दीपावली पर दीप जलेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर अयोध्या जिला प्रशासन के साथ ही योगी आदित्यनाथ सरकार ने कमर कस ली है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ दिन में करीब चार बजे अयोध्या पहुंचेंगे। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी,अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल अयोध्या एयरपोर्ट पहुँच गए हैं । मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल व जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने हवाई पट्टी पर अधिकारियों का स्वागत किया। थोड़ी देर में सीएम योगी व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेगी।

कड़े पहरे में रामनगरी

रामनगरी अयोध्या को फिलहाल सील कर दिया गया है। स्थानीय लोग लोकल आइडी से शहर में प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। बाहरी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। अयोध्या में सभी प्रवेश पॉइंट पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरियर लगे हैं। यहां पर बना अनुमति पास के किसी का भी प्रवेश प्रतिबंधित है।

राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम

रामकथा पार्क के सामने हेलीपैड पर राजकीय हेलीकाप्टर से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर बाद 3:05 बजे उतरेंगे। इसके बाद 3:10 बजे वह कार से रामजन्मभूमि पहुंचेंगे। यहां 10 मिनट का समय दर्शन-पूजन के लिए है। दर्शन-पूजन के साथ वह रामलला के सम्मुख दीप भी जलाएंगे। इसके बाद वह रामकथा पार्क के लिए कार से रवाना होंगे। 3:30 बजे मुख्यमंत्री रामकथा पार्क के सामने हेलीपैड पर पुष्पक विमान के रूप में हेलीकाप्टर से उतरने वाले श्रीराम और उनके परिकर के अन्य स्वरूपों की अगवानी करेंगे। 3:50 बजे मुख्यमंत्री रामकथा पार्क के मंच पर मौजूद रहेंगे। तब से लेकर सायं 5.30 बजे तक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समय श्रीराम के स्वरूप का राज्याभिषेक, दीपोत्सव पर विशेष कवर का अनावरण एवं संबोधन के लिए आरक्षित है। इसके बाद वे राम की पैड़ी प्रस्थान करेंगे। नयाघाट पर आयोजित सरयू आरती में छह बजे तक मौजूद रहेंगे। सायं 6:05 बजे मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर एक साथ जलते 5.51 लाख दीपों, सांस्कृतिक कार्यक्रम व वर्चुअल आतिशबाजी का अवलोकन करेंगे। सायं 7:20 बजे वह वापस रामकथा पार्क पहुंचेंगे और वहां आयोजित रामलीला देखेंगे। आठ बजे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में है, जबकि राज्यपाल उत्सव में शामिल होने के बाद शुक्रवार को ही कार से लखनऊ लौट जाएंगी।

Related Articles

Back to top button